- नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के अनुसार पीएम बालेन शाह 2026 में नई दिल्ली का दौरा कर सकते हैं
- प्रधानमंत्री मोदी भी 2026 में काठमांडू का दौरा करने की संभावना है, दोनों देशों में उच्च स्तरीय वार्ता जारी है
- NDTV अन्वीक्षा की नई वैश्विक बातचीत श्रृंखला की शुरुआत नेपाल से हुई, यहीं विदेश मंत्री ने यह जानकारी दी
साल 2026 में ही नेपाल के पीएम बालेन शाह नई दिल्ली का दौरा कर सकते हैं और पीएम मोदी काठमांडू जा सकते हैं. यह उम्मीद नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने NDTV अन्वीक्षा के मंच से जताई. काठमांडू में NDTV वर्ल्ड ने आज, 27 अक्टूबर को ‘एनडीटीवी अन्वीक्षा: आइडियाज अक्रॉस बॉर्डर्स' नाम की नई वैश्विक बातचीत की सीरीज शुरू. इस इवेंट की शुरुआत नेपाल में बुधवार को आई अचानक बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के लिए एक मिनट का मौन रखकर की गई.
पहला सेशन 'बदलती दुनिया में नेपाल की विदेश नीति' विषय पर हुआ और इसमें नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल शामिल हुए. जब पूछा गया कि बालेन शाह भारत का दौरा कब करेंगे, तो शिशिर खनाल ने कहा कि दोनों तरफ इस हाई-लेवल दौरे को लेकर काफी उम्मीदें हैं. उन्होंने NDTV से कहा, "विदेश मंत्रालय के तौर पर हम इन दौरों को कराने के लिए हमेशा तैयार हैं, और मुझे उम्मीद है कि ये दौरे 2026 में होंगे. हमारे पास अभी तारीखें नहीं हैं. दोनों पक्ष यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि ये दौरे जल्द से जल्द हों."
भारत के साथ सीमा विवाद के बारे में पूछे जाने पर शिशिर खनाल ने कहा कि दो पड़ोसियों के बीच समस्याएं होना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा, "लेकिन मैं यह देखना चाहता हूं कि हमारे तंत्र (मैकेनिज्म) अक्सर बैठकें करें. मुझे बहुत खुशी है कि पिछले कुछ महीनों में नेपाल और भारत के तंत्रों ने काम करना शुरू कर दिया है."
बता दें कि भारत-नेपाल डॉयलॉग में दोनों देशों के नेता, अधिकारी, डिप्लोमेट, कारोबारी, रणनीतिक विशेषज्ञ और कला-संस्कृति व खेल जगत की हस्तियां शामिल हो रही हैं. यह खास इवेंट सिर्फ भारत-नेपाल रिश्तों पर होने वाली सामान्य चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें नेपाल को उसकी अपनी आवाज, सोच, सपनों और भविष्य की योजनाओं के साथ समझने की कोशिश होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं