तेज गेंदबाजों के कमाल और विराट कोहली की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने बुधवार को बारिश से प्रभावित पहले वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस पद्वति से पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (70 रन देकर चार विकेट), गुरनूर बराड़ (44 रन देकर तीन) और अंशुल कंबोज (10 ओवर में 22 रन देकर दो) ने मिलकर नौ विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 40.2 ओवर में में 185 रन पर ढेर कर दिया.
मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि, 'गेंदबाजी के मामले में हम बहुत अच्छे रहे. मुझे लगता है कि हमारी फील्डिंग भी काफी शानदार रही. रोहित भाई का वह रन आउट मैच का रुख बदलने वाला साबित हुआ. मुझे लगता है कि मिचेल और फिलिप्स की साझेदारी अहम थी. हमने भारत में भी देखा था कि ये दोनों बल्लेबाज कितनी अच्छी बल्लेबाजी करते हैं. कुल मिलाकर यह हमारे लिए बेहतरीन टीम प्रदर्शन था.
गिल ने कहा कि, 'अंशुल ऐसे गेंदबाज हैं जो इन परिस्थितियों के लिए बने हुए लगते हैं. वह हमेशा गेंद को सीम कराने की कोशिश करते हैं और पुरानी गेंद से भी प्रभावी रहते हैं. हमें लगा कि जब विकेट से ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी तो गुरनूर अपनी रफ्तार और अतिरिक्त उछाल से फर्क पैदा कर सकते हैं. जिस तरह दोनों ने आज गेंदबाजी की, वह देखना शानदार था.'
कप्तान ने कहा कि, 'जब आप अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे हों और फिर बारिश आ जाए तो दोबारा तालमेल बैठाना आसान नहीं होता. बारिश के बाद विकेट थोड़ा तेज और ज्यादा सीम मूवमेंट देने वाला हो गया था. लक्ष्य भी कम हो गया था, इसलिए हम अपनी सामान्य क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे थे. विराट भाई ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उससे हमारा काम काफी आसान हो गया. सच कहूं तो किसी खास चीज पर काम करने की जरूरत नहीं है. अगर हम इसी तरह का प्रदर्शन दोहरा सके तो हमारे लिए सबसे बड़ी बात निरंतरता होगी. यदि हम बार-बार यही प्रदर्शन करने में सफल रहे तो हम बहुत अच्छी स्थिति में होंगे.'
दरअसल, बारिश के व्यवधान से एक घंटे से अधिक समय तक खेल नहीं हो पाने के कारण भारत के सामने डकवर्थ लुईस पद्वति से 40 ओवर में 167 रन का लक्ष्य रखा गया. इसके बाद 2.1 ओवर का खेल ही हो पाया था कि फिर से बारिश आ गई। खेल शुरू होने पर भारत को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य दिया गया. भारत ने कोहली (51 गेंद पर 74 रन, 13 चौके, एक छक्का) और कप्तान शुभमन गिल (37) के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की मदद से 22.4 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया. भारत ने हालांकि जिस तरह से 22 रन के अंदर चार विकेट गंवाए वह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय हो सकता है.
यह भी पढ़ें- भारत की बेटी ने अफ्रीका में रचा इतिहास, इस खेल में देश को दिलाया पहला मेडल
यह भी पढ़ें- VIDEO: पोती गोल्ड जीतकर लौटी तो दर्द भूलकर नाची दादी, बहन ने गिफ्ट किए जूते, उमड़ पड़ा पूरा गांव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं