IPS Anurag Sujania: भारतीय पुलिस सेवा के 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया का भी मोहभंग हो गया. मध्य प्रदेश कैडर में सागर एसपी पद से हटाए जाने के महज चार दिन बाद अनुराग सुजानिया ने पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया. इस्तीफे की असली वजह सामने नहीं आई है. हालांकि आईपीएस अनुराग सुजानिया के साथ एक अजीब इत्तेफाक जुड़ा है. मध्य प्रदेश सरकार ने उन्हें जहां-जहां पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात किया, वहां जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत की घटनाएं सामने आईं. एसपी पद पर उनकी दो पोस्टिंग के दौरान ऐसा देखने को मिला, जिसकी चर्चा अब उनके इस्तीफे के बाद फिर होने लगी है.
अनुराग सुजानिया सागर एसपी थे, तब 13 लोगों की हुई थी मौत
सितंबर 2026 में सागर जहरीली शराब कांड से दहल गया था. तब महज तीन माह पहले ही आईपीएस अनुराग सुजानिया सागर के पुलिस अधीक्षक बने थे. सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 80 से अधिक लोग बीमार पड़ गए थे.
कांग्रेस के निशाने पर आए थे अनुराग सुजानिया
सागर जहरीली शराब कांड के बाद आईपीएस अनुराग सुजानिया कांग्रेस के निशाने पर भी आ गए थे. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सागर एसपी अनुराग सुजानिया को पद से हटाने की मांग की थी. वहीं, सागर जहरीली शराब कांड पर एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा था कि शराब उत्तर प्रदेश के ललितपुर से आई थी. इस पर ललितपुर एसपी कालू सिंह ने उनके दावे को गलत बताया था.
अनुराग सुजानिया मुरैना एसपी थे, तब 24 से अधिक लोगों की हुई थी मौत
इस्तीफा देने वाले आईपीएस अनुराग सुजानिया सागर से पहले वर्ष 2021 में मुरैना के पुलिस अधीक्षक रहे थे. उस समय मुरैना जिले में जहरीली शराब पीने से 24 से अधिक लोगों की मौत हुई थी. मामले की जांच के बाद तत्कालीन सरकार ने सुजानिया को पद से हटा दिया था.
IPS अनुराग सुजानिया कौन हैं?
भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा देकर चर्चा में आए आईपीएस अनुराग सुजानिया मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के अधिकारी हैं. वे मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं. 14 मई 1988 को जन्मे अनुराग सुजानिया के पास एमटेक की डिग्री है. वे वर्तमान में पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी (एडमिन) के पद पर तैनात थे. मुरैना और सागर से पहले वे टीकमगढ़ और मंदसौर जिलों की कमान भी संभाल चुके हैं.
यह भी पढ़ें- IPS अनुराग सुजानिया ने छोड़ी नौकरी, मध्य प्रदेश सरकार ने 4 दिन पहले सागर एसपी पद से हटाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं