Shreyas Iyer Will be Team India Next White Ball Captain: वाइट बॉल क्रिकेट और ख़ासकर आईपीएल में श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी, बैटिंग, बॉलिंग और फ़ील्डिंग से लगातार हेडलाइन्स बना रहे हैं. बतौर कप्तान कोलकाता को चैंपियन बना चुके श्रेयस अय्यर ने पिछले साल पंजाब को फ़ाइनल तक का सफ़र करवाया और एक बार फिर पंजाब को ख़िताब का मज़बूत दावेदार बना दिया है. बीसीसीआई सूत्रों से NDTV को मिली जानकारी के मुताबिक जब नई T20 टीम का एलान होगा तो यकीनन बड़े बदलावों की उम्मीद रहेगी. सूत्रों के मुताबिक वो एक ऐसे खिलाड़ी को देख रहे हैं जो T20 और ODI दोनों टीमों की कमान संभाले. टीम मैनेजमेंट का फोकस अब दोनों पर है. BCCI युवा प्रतिभा पर नजर रखना चाहता है, साथ ही अनुभवी खिलाड़ियों को भी मौका देना चाहता है.
श्रेयस को श्रेय, SKY को पुरस्कार
सूत्र ने ये भी कहा, “श्रेयस ने पिछले कुछ सालों में बेहद शानदार प्रदर्शन किया है. उसकी चोटें दुर्भाग्यपूर्ण रही हैं. इस साल उसने अपनी IPL फ्रेंचाइजी का नेतृत्व बहुत हिम्मत और समर्पण के साथ किया है. हाँ, वह वाइट बॉल कैप्टेंसी के लिए सबसे बड़ा दावेदार है. सूर्यकुमार यादव हमारे वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रहे हैं. उनके योगदान को भी पुरस्कृत किया जाएगा.”
कुछ ही दिनों पहले NDTV ने खबर की थी कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड 30 से 35 खिलाड़ियों की एक चुनिंदा लिस्ट तैयार कर रही है, जो एक साथ दो प्रतिस्पर्धी टी20 टूर्नामेंट में शिरकत कर सके. साल के अंत में भारतीय टीम को दो इंटरनेशनल टूर्नामेंट एक साथ खेलने हैं. जिसमें एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज शामिल है.
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने एनडीटीवी के साथ हुई खास चर्चा के दौरान बताया था कि एशियन गेम्स और भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज एक ही समय पर होने वाली है. जिसकी वजह से हमें दो टी20 टीमों के खेलने पर ध्यान देना होगा. 30 से 35 क्रिकेटरों का एक पूल बनाना जरूरी है जिन्हें इंटरनेशनल असाइनमेंट के लिए बुलाया जा सके. आयरलैंड के आगामी दौरे के लिए, यूके के ज्यादातर दौरों की तरह, टीम में खिलाड़ियों का एक बड़ा पूल रखा जाएगा, जो कि एशियन गेम्स तक जारी रहेगा.
आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया का इम्तिहान!
आगामी आयरलैंड दौरा एक टेस्टिंग ग्राउंड के तौर पर काम कर सकता है. ऐसे दौरे पारंपरिक रूप से नए खिलाड़ियों को आजमाने के लिए इस्तेमाल किए जाते रहे हैं. इस दौरे में अब एक बड़ी टीम हो सकती है, जो एशियन गेम्स तक चलने वाले एक बड़े टैलेंट पूल के दीर्घकालिक विजन को दर्शाता है. भारत को सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है, हालांकि टूर्नामेंट का कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है.
IPL के इन सितारों पर नजर
जिन खिलाड़ियों के नाम पर विचार किया जा रहा है. मौजूदा समय में वह आईपीएल में धमाल मचा रहे हैं. बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी , यशस्वी जायसवाल , प्रियांश आर्य और अंगकृष रघुवंशी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी निडर बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित किया है. वहीं रजत पाटीदार और आयुष बडोनी जैसे खिलाड़ी भी चयनकर्ताओं की नजर में हैं.
ऑलराउंडर स्लॉट, जो अक्सर टी20 बैलेंस की रीढ़ होता है, में शशांक सिंह और अनुकूल रॉय जैसे खिलाड़ियों को मौका भी मिल सकता है, जो अपने हुनर, प्रतिभा और किसी भी हालत में खुद को ढाल लेने की अपनी काबिलियत दिखाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं