विज्ञापन

सागर के जंगल में बाघ का हमला या किसी गोली की गूंज? वीडियो ने खोला नया रहस्य

सागर के पटनामोहली गांव में बाघ हमले के मामले में नया मोड़. वायरल वीडियो में संदिग्ध हलचल दिखने के बाद गोली चलने की आशंका, जांच शुरू.

सागर के जंगल में बाघ का हमला या किसी गोली की गूंज? वीडियो ने खोला नया रहस्य
सागर में बाघ का हमला या गोली की गूंज? वायरल वीडियो ने बढ़ाया सस्पेंस

Sagar Tiger Attack: सुबह के सन्नाटे में जंगल की पगडंडी पर एक ग्रामीण चल रहा था, चारों तरफ घना सन्नाटा था तभी पीछे से मौत की तरह दबे पांव आया बाघ और अगले ही पल चीख, दहशत और अफरा-तफरी ने पूरे पटनामोहली गांव को हिला दिया. लेकिन अब इस हमले की कहानी में एक ऐसा मोड़ आ गया है, जिसने पूरे मामले को रहस्य, शक और सनसनी से भर दिया है. सवाल यह है कि क्या बाघ ने अचानक हमला किया था, या फिर उससे पहले जंगल में कोई गोली चली थी?

क्या है कहानी?

घटना सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के पटनामोहली गांव की है. यह गांव वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व, यानी पुराने नौरादेही अभयारण्य क्षेत्र से सटा हुआ है. सोमवार सुबह करीब 6 बजे 31 वर्षीय सुदामा यादव गांव से लगे जंगल की ओर गए थे तभी अचानक पीछे से आए बाघ ने उन पर हमला कर दिया.

Sagar Tiger Attack: जख्म के निशान

Sagar Tiger Attack: जख्म के निशान

हमला इतना तेज था कि सुदामा यादव करीब 10 फीट दूर जा गिरे. बाघ ने उनके दाहिने हाथ को अपने जबड़ों में जकड़ लिया. हाथ में गहरा घाव हो गया, पीठ और कमर पर पंजों के निशान पड़ गए कुछ ही क्षणों में सुबह की शांति चीख-पुकार में बदल गई.

गांव में खबर पहुंची तो दहशत फैल गई लोग जंगल की ओर दौड़े कुछ ग्रामीणों ने आसपास बाघ को देखा वन विभाग को सूचना दी गई, टीम मौके पर पहुंची और घायल सुदामा यादव को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया.

डॉक्टरों के अनुसार, सुदामा यादव के दाहिने हाथ पर बाघ के दांतों का गहरा घाव है, जिसमें करीब 10 टांके लगाए गए हैं, पीठ पर भी पंजों के निशान हैं फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.

लेकिन असली कहानी यहीं से शुरू होती है.

Sagar Tiger Attack: सागर में बाघ का हमला या गोली की गूंज

Sagar Tiger Attack: सागर में बाघ का हमला या गोली की गूंज

वीडियो के बाद सवाल; वन्यजीव एक्सपर्ट ने क्या कहा?

इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, वीडियो में बाघ दिखता है फिर अचानक उसकी दिशा में कुछ आता हुआ प्रतीत होता है. जमीन से धूल उड़ती है, बाघ एक झटके में चौंकता है, मुड़ता है और फिर पूरा दृश्य सवालों में बदल जाता है. क्या वह कोई पत्थर था? कोई तेज रफ्तार वस्तु? या फिर गोली?

वीडियो देखने के बाद यह शक गहरा गया है कि कहीं बाघ पर या उसके पास गोली तो नहीं चलाई गई थी. अगर ऐसा हुआ, तो क्या उसी से बाघ भड़का? क्या इसी के बाद उसने ग्रामीण पर हमला किया? क्या यह सिर्फ मानव-वन्यजीव संघर्ष है या जंगल के भीतर छिपी किसी बड़ी लापरवाही की कहानी?

आरटीआई कार्यकर्ता और वन्यजीव मामलों के जानकार अजय दुबे ने इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय और अन्य एजेंसियों से शिकायत कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

एनडीटीवी से बातचीत में अजय दुबे ने कहा कि पटनामोहली गांव अभयारण्य क्षेत्र में आता है. उनका सवाल है कि जब इस गांव के विस्थापन के लिए राशि जारी हो चुकी थी, तो अब तक गांव को हटाया क्यों नहीं गया? क्या प्रशासन की देरी ने इंसान और बाघ, दोनों को आमने-सामने खड़ा कर दिया?

दुबे ने वन विभाग के उस दावे पर भी सवाल उठाया है, जिसमें कहा गया कि युवक पर हमला शौच के दौरान हुआ. उन्होंने कहा कि यह दावा संदिग्ध लगता है उनका आरोप है कि असली घटना को छिपाने की कोशिश हो रही है.

दुबे ने यह भी कहा कि इसी अभयारण्य से पहले एक रेडियो-कॉलर वाला बाघ रहस्यमय तरीके से लापता हुआ था, उस मामले में भी जवाबदेही तय नहीं हुई अब फिर एक बाघ, एक वीडियो, एक घायल ग्रामीण और कई अनुत्तरित सवाल सामने हैं.

उन्होंने मांग की है कि वीडियो की जांच बैलिस्टिक विशेषज्ञों से कराई जाए, ताकि यह साफ हो सके कि बाघ के पास गोली चली थी या कोई अन्य तेज रफ्तार प्रोजेक्टाइल जमीन से टकराया था.

वन विभाग का जवाब

मामले में एपीसीसीएफ वाइल्डलाइफ एल. कृष्णमूर्ति ने भी माना है कि वीडियो में बाघ के पास कुछ टकराता हुआ प्रतीत होता है, क्योंकि जमीन से धूल उड़ती दिखाई देती है उन्होंने कहा कि जांच के लिए टीम भेजी गई है. वहीं नौरादेही के डीएफओ रजनीश सिंह ने एनडीटीवी को बताया कि घायल व्यक्ति के बयान हुए हैं, एसडीओ और रेंज ऑफिसर मौके पर हैं, जांच के लिये डॉग स्कॉवड को भी भेजा गया है.

वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि वीडियो में फ्लैट एंगल से कोई शॉट जाता हुआ प्रतीत होता है अधिकारी के अनुसार, यह .22 राइफल, पिस्टल या देशी कट्टे जैसा कोई हथियार भी हो सकता है.

हालांकि इसकी पुष्टि केवल फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच के बाद ही होगी. अधिकारी ने कहा कि बाघ शायद जमीन से टकराई वस्तु या गोली की आवाज की दिशा में मुड़ा था.

यह भी पढ़ें : कान्हा और बालाघाट में बाघ व शावक मृत मिले, टाइगर स्टेट MP में जनवरी से अब तक 23 बाघों की मौत

यह भी पढ़ें : MP में UCC पर 9.5 लाख सुझाव मिलें; 71% मुस्लिम महिलाओं सहित 93 फीसदी का समर्थन, फिर धर्मगुरुओं का विरोध क्यों?

यह भी पढ़ें : 3 साल तक नहीं हुई सुनवाई; शिकायतों की माला पहन जनसुनवाई में पहुंचा ग्रामीण, उठाया भ्रष्टाचार का मुद्दा

यह भी पढ़ें : 144 करोड़ से ज्यादा आय; महाकाल मंदिर में दान का नया रिकॉर्ड, लड्डू प्रसादी व दान से तीन गुना हुई कमाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tiger Attack, Sagar News, Tiger Attack Video, Madhya Pradesh News, Human Wildlife Conflict
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com