विज्ञापन

बारिश ने रोकी प्रैक्टिस, लेकिन जोश नहीं, श्रेयस बोले- रोमांचक होगा जापान से मुकाबला

जापान के खिलाफ मैच से पहले श्रेयस अय्यर ने कहा यह हमारे लिए रोमांचक मुकाबला होने वाला है. हम पहली बार जापान के खिलाफ खेलेंगे.

बारिश ने रोकी प्रैक्टिस, लेकिन जोश नहीं, श्रेयस बोले- रोमांचक होगा जापान से मुकाबला
श्रेयस अय्यर

भारत के जापान में द्विपक्षीय टी20 मुकाबला खेलने को कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्रिकेट के नये क्षेत्रों में विस्तार की सफलता का प्रतीक करार दिया. भारत और जापान के बीच मंगलवार को होने वाला मुकाबला दोनों देशों के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होगा. यह मैच दोनों एशियाई देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों की शुरुआत भी करेगा. भारतीय टीम इस मुकाबले के लिए रविवार को जापान पहुंची. टीम मंगलवार को सानो में मेजबान जापान के खिलाफ ऐतिहासिक मुकाबला खेलने के बाद एशियाई खेलों के लिए नागोया रवाना होगी. जापान में क्रिकेट ज्यादा लोकप्रिय नहीं है ऐसे में भारतीय क्रिकेटरों का यहां आना अपने आप में खास अनुभव है.

अय्यर से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी जापान जैसे देश में भारत के द्विपक्षीय टी20 मुकाबला खेलने की कल्पना की थी तो उन्होंने कहा, 'मैंने कभी ऐसा नहीं सोचा था लेकिन अब क्रिकेट हर देश में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और सभी टीमें अपने-अपने तरीके से मजबूत बन रही हैं. मुझे यकीन है कि कल का मुकाबला भी रोमांचक होगा.'

लगातार हो रही बारिश के कारण भारत को मैच से पहले अपना अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा. मुकाबला तोक्यो से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित सानो में खेला जाएगा. जापान पहुंचने के अपने शुरुआती अनुभव साझा करते हुए अय्यर ने कहा कि यहां के लोगों का व्यवहार बेहद आत्मीय रहा. 

उन्होंने कहा, 'यह बहुत खूबसूरत है. यहां उतरते ही हमने लोगों को बेहद सौहार्दपूर्ण, उदार और मददगार पाया. ऐसा व्यवहार हमें अपने देश में भी देखने को मिलता है. यहां की मेहमाननवाजी शानदार है.'

उन्होंने कहा, 'मैंने जापान के बारे में लोगों से काफी अच्छी बातें सुनी हैं. जापान और तोक्यो को लेकर अभी ज्यादा कुछ कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि टीम को यहां आए सिर्फ एक दिन हुआ है. मैं इस देश को और बेहतर तरीके से जानने को उत्सुक हूं.'

मौसम ने साथ दिया तो भारतीय टीम मैदान पर उतरने को लेकर भी बेहद उत्साहित है. अय्यर ने कहा, 'यह हमारे लिए रोमांचक मुकाबला होने वाला है. हम पहली बार जापान के खिलाफ खेलेंगे. मुझे यहां की परिस्थितियों और विकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन हम शानदार मुकाबले की उम्मीद कर रहे हैं.'

उन्होंने कहा, 'मैने कुछ ‘रील' देखे हैं. हम उनके खिलाड़ियों की अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं. टीम मुकाबले के लिए पूरी तरह उत्साहित है और उम्मीद है कि बारिश नहीं होगी, जिससे स्टेडियम में आने वाले दर्शकों को एक प्रतिस्पर्धी मैच देखने को मिले.'

अय्यर ने कहा, 'हम यहां पहली बार आये हैं. यहां की संस्कृति और लोगों का अनुशासन देखने का तरीका काफी अलग है. मुझे नयी संस्कृति को अपनाना और वहां के माहौल तथा जीवनशैली के अनुरूप खुद को जल्दी ढालना पसंद है. इसलिए यह हमारे लिए एक नई चुनौती है.'

यह भी पढ़ें- टॉस जीता, बल्लेबाजी चुनी, लेकिन मैदान से उठी मौत की खबर, 25 साल के युवक का हार्ट अटैक से निधन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Shreyas Santosh Iyer, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com