भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार (14 अक्टूबर 2026) को हैदराबाद में खेला गया. जहां भारतीय टीम को 24 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा. विपक्षी टीम के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में मिली हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर काफी निराश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने अपना विचार साझा करते हुए कहा, 'गेंदबाजी के दौरान योजनाओं को हम अमल में नहीं ला सके, खासकर लाइन और लेंथ के मामले में. 250 रन जैसे बड़े स्कोर को चेज करना कभी भी आसान नहीं होता है. मुकाबले के दौरान हम 12 रन प्रति ओवर की अधिक रेट से बना रहे थे. मगर वेस्टइंडीज ने काफी अच्छी गेंदबाजी की. जिसका श्रेय उनको दिया जाना चाहिए. विकेट पर गेंद फंस कर आ रही थी. यही नहीं बाउंस भी अधिक होने लगा था. मगर उनके गेंदबाजों ने बदली हुई परिस्थितियों को अच्छी तरह से भांपा. अगला मुकाबला काफी दमदार और दिलचस्प होगा. हमारा अप्रोच वही रहेगा. मेरे हिसाब से हमें आगे के मुकाबले में अधिक अलग करने की जरूरत नहीं है. हमें फ्रेश माइंडसेट के साथ मैदान में उतरना होगा.'
हैदराबाद में भारत को मिली हार
बात करें मुकाबले के बारे में तो हैदराबाद में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवरों में 247/3 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए कैप्टन शाई होप सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 50 गेंदों में 204.00 की स्ट्राइक रेट से 102 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली. उनके अलावा शेरफेन रदरफोर्ड ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रनों योगदान दिया. शिमरॉन हेटमायर 12 गेंद में 33, रोवमन पॉवेल 17 गेंद में 24 और जेवेल एंड्रयू 16 गेंद में 21 रन बनाने में कामयाब रहे.
वेस्टइंडीज की तरफ से जीत के लिए मिले 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय 19.3 ओवरों में 223 रनों पर ढेर हो गई. पारी का आगाज करते हुए संजू सैमसन ने महज 23 गेंदों में 56 रनों की तेज तर्रार पारी खेली. मगर उनकी यह पारी भी भारतीय टीम की हार को टाल नहीं पाई. उनके अलावा तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 43 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 20 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया. बाकी के अन्य बल्लेबाज विपक्षी टीम के गेंदबाजों के सामने हमेशा रनों के लिए जुझते हुए ही नजर आए.
इन गेंदबाजों का रहा जलवा
भारत की तरफ से चौथे टी20 मुकाबले में अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और अक्षर पटेल ने क्रमशः एक-एक सफलता प्राप्त की. वहीं वेस्टइंडीज की तरफ से कीमो पॉल ने सर्वाधिक पांच विकेट चटकाए. उनके अलावा गुडाकेश मोती के खाते में दो और रोमारियो शेफर्ड एवं शमार स्प्रिंगर ने एक-एक सफलता प्राप्त की.
यह भी पढ़ें- IND vs WI, 4th T20I: भारत की हार के 5 बड़े गुनाहगार, किसी ने गेंद से लुटाए रन तो कोई बल्ले से हुआ फ्लॉप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं