विज्ञापन

भारत के लिए सबसे तेज़ी से 1000 T20I रन बनाने वाले खिलाड़ी, शिवन दुबे ने रचा इतिहास

भले ही भारत को आयरलैंड के खिलाफ मैच में 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मुकाबले में शिवम दुबे ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया और एक मेगा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.

भारत के लिए सबसे तेज़ी से 1000 T20I रन बनाने वाले खिलाड़ी, शिवन दुबे ने रचा इतिहास
Shivam Dube 1000 T20I Runs

बेलफास्ट में भारत को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मुकाबले में 34 रनों से हार का सामना  करना पड़ा है. यह किसी भी फॉर्मेट में भारत की आयरलैंड के खिलाफ पहली हार है. टीम इंडिया को जीत के लिए 183 का लक्ष्य मिला था, लेकिन भारत इसके जवाब में सिर्फ 148 रन बना पाई. भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 49 रनों की पारी खेली जबकि दुबे ने 25 रन बनाए.  दुबे ने गेंदबाजों के दौरान एक विकेट भी निकाला था. भले ही भारत को जीत नहीं मिली हो, लेकिन शिवम दुबे ने एक मेगा रिकॉर्ड जरूर अपने नाम किया. 

शिवम दुबे अब भारत के लिए तीसरे सबसे तेज एक हजार टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ा है. दुबे को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 648 गेंद लगी, जबकि संजू और हार्दिक ने यह कारनामा 679 गेंद में किया था. बात अगर भारत के लिए सबसे तेज एक हजार टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाजों की करें तो यह अभिषेक शर्मा के नाम है, जिन्होंने 528 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था. जबकि दूसरे स्थान पर पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं, जो 573 गेंदों में ऐसा करने में सफल हुए थे. 

भारत के लिए सबसे तेज़ 1000 T20I रन (गेंदों के हिसाब से)

  • 528 अभिषेक शर्मा
  • 573 सूर्यकुमार यादव
  • 648 शिवम दुबे
  • 679 संजू सैमसन/हार्दिक पांड्या

'हार से काफी कुछ सीखा'

भारतीय टी20 टीम के कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर को अपने पहले ही मैच में आयरलैंड के खिलाफ 34 रन से हार का सामना करना पड़ा. इसी के साथ आयरलैंड ने इस फॉर्मेट के इतिहास में पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ जीत दर्ज की है. अय्यर का मानना है कि इस हार ने भी टीम को बड़ी सीख दी है.

श्रेयस अय्यर ने कहा"जिस तरह की शुरुआत हमें मिली थी, उसके हिसाब से 140 रन का लक्ष्य शानदार होता. फिर भी यहां खेलना एक बेहतरीन अनुभव रहा. हमें इन परिस्थितियों में खेलने का मौका मिला, पिच को अच्छी तरह समझने का मौका मिला. बतौर कप्तान यह एक अच्छी शुरुआत रही. जो हो गया उसे पीछे छोड़ना होगा. इस मुकाबले से हमने काफी कुछ सीखा है और कोशिश करेंगे कि अगले मैच में पूरी ताकत और नए जोश के साथ उतरें."

हर्षित राणा ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि शिवम दुबे ने 3 ओवरों में 18 रन देकर 1 विकेट निकाला. इन दोनों खिलाड़ियों की तारीफ में कप्तान ने कहा,"निश्चित रूप से दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया. नई गेंद से उन्हें मदद मिल रही थी. शिवम ने पहले भी टीम के लिए अहम ओवर फेंके हैं, इसलिए मुझे उन पर हमेशा भरोसा रहता है. मैंने उनके साथ घरेलू क्रिकेट भी खेला है. मैं उनकी ताकत और कमजोरियों को अच्छी तरह जानता हूं. वहीं, हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी की. चोट से वापसी के बाद इस स्तर पर ऐसा प्रदर्शन करना और अपनी प्रतिभा दिखाना वास्तव में काबिल-ए-तारीफ है."

हार के बाद टीम को दिए गए संदेश पर कप्तान अय्यर ने कहा,"मैंने खिलाड़ियों से कहा कि किसी भी चीज को हल्के में नहीं लेना चाहिए. सिर्फ मैदान पर उतरने से मैच नहीं जीते जाते. आपको लगातार मेहनत करनी होती है और हर पल खेल में पूरी तरह मौजूद रहना होता है. जैसा कि मैंने पहले भी कहा, वर्तमान पर ध्यान देना जरूरी है. जब भी विपक्षी टीम पर दबाव बनाने का मौका मिले, हमें उसे पूरी तरह भुनाना चाहिए. किसी भी स्थिति या मौके को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए."

यह भी पढ़ें: आयरलैंड के खिलाफ मिली हार का दोषी कौन, कहां हुई टीम इंडिया से गलती? अभिषेक शर्मा ने बताया

यह भी पढ़ें: IND vs IRE: प्रसिद्ध कृष्णा- गौतम गंभीर नहीं, यह खिलाड़ी था भारत की हार का असली 'विलेन', संजय मांजरेकर ने बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shivam Dube, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com