विज्ञापन

स्पेन और आइसलैंड में 27 साल बाद दिखा सूर्यग्रहण, आसमान में दिखा दिलकश दृश्य; नजारा देखने पहुंचे 60 लाख लोग

27 साल बाद दिखे पूर्ण सूर्यग्रहण ने यूरोप में दिन को रात में बदला दिया. ये नजारा देखने के लिए लाखों लोग घरों से निकले.

स्पेन और आइसलैंड में 27 साल बाद दिखा सूर्यग्रहण, आसमान में दिखा दिलकश दृश्य; नजारा देखने पहुंचे 60 लाख लोग
लाखों लोग सूर्यग्रहण देखने के लिए घरों से बाहर निकले.
AFP

यूरोप में 27 साल बाद वह ऐतिहासिक पल आ ही गया, जिसका इंतजार लाखों लोग सालों से कर रहे थे. आइसलैंड और उत्तरी स्पेन के आसमान में जब चांद ने सूरज को पूरी तरह ढक लिया, तो दिन में ही अंधेरा छा गया. इस 'सदी के सबसे बड़े सूर्यग्रहण' को देखने के लिए लाखों लोग सड़कों, पहाड़ों और खुले मैदानों में उमड़ पड़े.

स्पेन के विज्ञान मंत्री जुआन क्रूज के अनुसार, स्पेन के उत्तरी हिस्सों और बैलेएरिक द्वीप समूह में इस दुर्लभ नजारे को देखने के लिए करीब 60 लाख पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान लगाया गया. 

आसमान में दिख रहे दिलकश नजारे

स्पेन में यह सूर्यग्रहण सूर्यास्त से ठीक पहले हुआ, जिसने इस दृश्य को और भी खूबसूरत बना दिया. जुआन क्रूज़ ने उम्मीद जताई कि इस खास पल को देखकर देश में खगोलशास्त्रियों की एक नई और बेहतरीन पीढ़ी तैयार होगी.

हालांकि, स्पेन में जारी भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण जंगलों में आग लगने का खतरा काफी बढ़ गया है. इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. 

स्पेन के गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मारलास्का ने बताया कि सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. इसके साथ ही हवा से निगरानी रखने के लिए करीब 100 विमान और हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं. 

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सरकार द्वारा तय किए गए ऑब्जर्वेशन पॉइंट्स से ही ग्रहण देखें और जंगलों के आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं.

एक्स्ट्रीमादुरा से सात घंटे की लंबी ड्राइव करके पूर्वी स्पेन के आर्को डे लास सेलिनास पहुंचीं लोला गुएरेरो ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि सूर्यग्रहण देखना उनका सालों पुराना सपना था और वे इसे किसी भी कीमत पर गंवाना नहीं चाहती थीं.

आइसलैंड में उफान पर 'ग्रहण का बुखार'

आइसलैंड की राजधानी रेकजाविक में सूर्यग्रहण को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया. करीब 4 लाख की आबादी वाले इस देश में इस कार्यक्रम के लिए 80,000 से ज्यादा विदेशी पर्यटक पहुंचे हैं. 

स्थिति यह रही कि सूर्यग्रहण देखने वाले विशेष चश्मे हफ्तों पहले ही बिक गए. आइसलैंड के पश्चिमी तट पर शाम करीब 5:44 बजे (1744 GMT) पूर्ण सूर्यग्रहण देखा गया, जहां अंधेरा 2 मिनट 13 सेकंड तक रहा है. 

यह भी पढ़ें: ट्रंप ने बच्चों के जेंडर बदलने वाली सर्जरी पर कसा शिकंजा, अब इसके लिए अमेरिकी सरकार नहीं देगी पैसा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Solar Eclipes, Europe, Spain, Iceland
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com