Sakib Hussain Statement on His Dream Debut in IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने छोटे शहरों के खिलाड़ियों के बड़े सपनों में रंग भरने और उन्हें अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत रातों-रात क्रिकेट की दुनिया में छा जाने का अवसर दिया है. सीजन (IPL 2026) का 21वां मैच सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच हैदराबाद में खेला गया. इस मैच में एक नए सितारे ने करिश्माई दस्तक दी और अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से एसआरएच को आरआर जैसी मजबूत टीम के खिलाफ बड़ी जीत दिलायी, नाम है साकिब हुसैन.
साकिब ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए. इसमें विस्फोटक सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ ही जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवि बिश्नोई का विकेट शामिल है. साकिब ने अपनी किफायती, घातक और सफल गेंदबाजी से न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलायी बल्कि क्रिकेट की दुनिया के विश्लेषकों और फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींचा है. हैदराबाद के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने अपने ड्रीम डेब्यू के बाद खुशी जाहिर की है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय टीम के बॉलिंग कोच को दिया है.
"वरुण भाई की बदौलत ही मुमकिन हुआ यह ड्रीम डेब्यू"
अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले साकिब हुसैन ने कहा कि हर खिलाड़ी का सपना होता है कि उसका डेब्यू कुछ ऐसा ही हो. उन्होंने बताया कि वह इस अवसर से बहुत खुश और उत्साहित हैं. साकिब ने बताया कि मैच से ठीक एक दिन पहले बॉलिंग कोच वरुण एरोन ने उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की जानकारी दी थी. उसके बाद से ही उन्होंने खुद को मानसिक रूप से तैयार किया और केवल अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित किया.
कोच वरुण एरोन के योगदान पर साकिब हुसैन ने कहा
अपनी गेंदबाजी में आए सुधार का पूरा श्रेय उन्होंने वरुण एरोन को दिया. साकिब ने कहा, "वरुण भाई पिछले चार मैचों से मुझ पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं. मेरी गेंदबाजी में आज जो भी धार नजर आ रही है, वह उन्हीं के मार्गदर्शन का नतीजा है." अपने डेब्यू मैच में विकेट लेने को साकिब ने एक बेहद खास लम्हा बताया. उन्होंने कहा कि पहले ही मैच में अपनी टीम के लिए योगदान देना बहुत सुकून भरा और शानदार अहसास है.
आरआर के खिलाफ मैच साकिब हुसैन के आईपीएल करियर का पहला मैच था. हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे अनुभवी गेंदबाजों के फिका रहने के बाद एसआरएच मैनेजमेंट ने 21 साल के साकिब पर भरोसा जताया और दाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज अपनी टीम के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरा.
साकिब हुसैन का जन्म 14 दिसंबर 2004 को बिहार के गोपालगंज जिले में हुआ था. आर्थिक रूप से कमजोर किसान परिवार से संबंध रखने वाले साकिब का बचपन का सपना भारतीय सेना में शामिल होकर परिवार को संपन्न बनाना था, लेकिन साकिब की कद काठी, उनकी मेहनत और क्रिकेट में उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने की सलाह उनके परिवार और स्थानीय क्रिकेट कोचों और खिलाड़ियों से मिली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं