विज्ञापन

'उनकी पावर हिटिंग में कुछ खास...', धोनी के आईपीएल संन्यास पर सचिन तेंदुलकर का पहला रिएक्शन आया सामने

धोनी के आईपीएल से संन्यास के बाद क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने अपने पूर्व कप्तान के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा है.

'उनकी पावर हिटिंग में कुछ खास...', धोनी के आईपीएल संन्यास पर सचिन तेंदुलकर का पहला रिएक्शन आया सामने
धोनी के आईपीएल संन्यास पर सचिन का पहला रिएक्शन


पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जो पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके थे, ने मंगलवार को आईपीएल से संन्यास का ऐलान किया. धोनी अगले सीजन पीली जर्सी में तो दिखेंगे, लेकिन सपोर्ट स्टाफ में. आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की रिटेंशन की डेडलाइ से कुछ घंटो पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने बताया कि धोनी अगले सीजन के लिए टीम के मेंटोर होंगे. शाम होते-होते धोनी ने एक पोस्ट किया, जहां उन्होंने अपने क्रिकेट जर्नी की कई यादगार तस्वीरों को फैंस के साथ साझा कर इमोशनल कर दिया. धोनी के आईपीएल से संन्यास के बाद क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने अपने पूर्व कप्तान के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा है. 

सचिन ने चेन्नई सुपर किंग्स और 2011 विश्व विजेता कप्तान के लिए सोशल मीडिया साइट पर लिखा,"मुझे अभी भी बांग्लादेश में एमएस को बल्लेबाजी करते हुए देखना और सौरव से कहना याद है कि उनकी पावर हिटिंग में कुछ खास है. आप देख सकते हैं कि उसके पास एक दुर्लभ उपहार था, और उसने कितनी शानदार यात्रा की."

सचिन ने आगे लिखा,"आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना और भारतीय क्रिकेट में हमारे कुछ सबसे यादगार पलों का हिस्सा बनना एक वास्तविक खुशी थी. मुझे हमेशा विश्वास था कि आप कुछ विशेष करेंगे, और आपने बहुत कुछ हासिल किया. आपने भारतीय क्रिकेट को अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और आपके साथ इस यात्रा को साझा करना अद्भुत रहा है. अच्छा खेला, एमएस."

'मैं पल दो पल का शायर हूं...'

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को अपने 27 साल के क्रिकेट करियर के सफर को याद करते हुए तस्वीरों का एक भावुक ‘कोलाज' साझा किया. इस वीडियो में उनके क्रिकेट जीवन के यादगार पलों को मशहूर गायक मुकेश के लोकप्रिय गीत के साथ पेश किया गया है. धोनी ने आईपीएल में खिलाड़ी के रूप में अपने करियर का अंत करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स के मेंटर की नई जिम्मेदारी भी संभाल ली.

इस वीडियो में विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी के मैदान के अंदर और बाहर के सफर के कुछ दुर्लभ पल शामिल हैं. इसकी शुरुआत भारतीय टीम की जर्सी में उनके शुरुआती दिनों से होती है. इसमें 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप की ऐतिहासिक जीत के अलावा टीम के साथियों और क्रिकेट जगत के दोस्तों के साथ बिताए गए यादगार पल भी दिखाए गए हैं.

धोनी की प्रतिष्ठित सात नंबर की जर्सी को भी वीडियो में प्रमुखता से जगह दी गई है जो भारतीय टीम और सुपरकिंग्स दोनों की पहचान बन चुकी है. धोनी की कप्तानी में भारत ने दो विश्व कप खिताब जीते जबकि चेन्नई की टीम ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की. टीम की सह मालिक रूपा गुरुनाथ ने बताया कि 45 वर्षीय धोनी ने आगामी सत्र के लिए खिलाड़ियों को बरकरार रखने पर चर्चा के दौरान फोन पर संन्यास लेने की इच्छा जताई थी.

इस तस्वीरों के ‘कोलाज' में धोनी को वीरेंद्र सहवाग, आरपी सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना और सचिन तेंदुलकर सहित कई पूर्व साथियों के साथ देखा जा सकता है. इसमें भारतीय टीम की नीली और सुपरकिंग्स की पीली जर्सी में जश्न मनाते प्रशंसकों, ड्रेसिंग रूम के यादगार पलों और दोनों टीम की अगुवाई करते हुए मैदान में उतरते धोनी की तस्वीरें भी शामिल हैं. 

इस वीडियो के साथ दिवंगत गायक मुकेश का सदाबहार गीत ‘मैं पल दो पल का शायर हूं, पल दो पल मेरी कहानी है...' भी सुनाई दे रहा है. धोनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा,"प्रशंसकों ने मुझे गलत साबित कर दिया. इसे स्वीकार करने के लिए इससे बेहतर गाना नहीं हो सकता. शायद इसके दो संस्करण बनाए गए थे, जिससे कि मैं गलती कर सकूं और फिर उसे स्वीकार कर सकूं."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sachin Ramesh Tendulkar, Mahendra Singh Dhoni, Cricket, IPL 2027
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com