क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों में गिने जाने वाले सचिन तेंदुलकर के करियर की यादगार झलक अब मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में देखने को मिलेगी. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने 'Batography' नाम से एक विशेष सेक्शन शुरू किया है, जिसमें सचिन के 35 साल लंबे क्रिकेट सफर से जुड़े 25 ऐतिहासिक बल्ले और कई निजी यादगार वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है. यह प्रदर्शनी सचिन के बचपन से लेकर उनके आखिरी टेस्ट मैच तक की कहानी बयां करती है.
MCA ने लॉन्च की बैटोग्राफी
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने 16 नवंबर 2026 को MCA शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम में बैटोग्राफी का उद्घाटन किया. इस खास सेक्शन का उद्घाटन खुद सचिन तेंदुलकर ने MCA अध्यक्ष अजींक्य नाइक की मौजूदगी में किया. यह तारीख खास इसलिए भी है क्योंकि इसी दिन 2013 में सचिन तेंदुलकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अपना 200वां और आखिरी टेस्ट मैच खत्म किया था.
5 साल की उम्र में मिले बल्ले से शुरू होती है कहानी
'बैटोग्राफी' की शुरुआत उस कश्मीर विलो बल्ले से होती है, जो सचिन को उनकी बड़ी बहन सविता तेंदुलकर ने 1978 में तब दिया था, जब वह सिर्फ पांच साल के थे. इसके बाद प्रदर्शनी में उनके करियर के कई ऐतिहासिक बल्ले शामिल हैं, जिनके साथ क्रिकेट इतिहास के अहम पल जुड़े रहे.
प्रदर्शनी में रखे गए खास बल्ले
'Batography' में कई यादगार बल्लों को शामिल किया गया है, जिनमें:
- 1990 में मैनचेस्टर में पहला टेस्ट शतक लगाने वाला बल्ला
- 1998 में सर डॉन ब्रैडमैन द्वारा उपहार में दिया गया बल्ला
- 2003 विश्व कप में इस्तेमाल किया गया बल्ला, जब सचिन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे
- 16 मार्च 2012 को बांग्लादेश के खिलाफ 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाला बल्ला
- 2013 में आखिरी टेस्ट पारी के दौरान इस्तेमाल किया गया बल्ला
बल्लों के अलावा सचिन के करियर से जुड़ी कई दुर्लभ वस्तुएं भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं. इनमें उनका पहला हेलमेट, मुंबई रणजी टीम की जर्सी, 200वें और आखिरी टेस्ट में पहनी गई भारतीय टीम की जर्सी और हेलमेट के साथ-साथ विदाई भाषण के दौरान इस्तेमाल किया गया वह कागज भी शामिल है, जिसे उन्होंने वानखेड़े में अपने हाथ में रखा था.
सचिन ने क्या कहा?
उद्घाटन के दौरान सचिन तेंदुलकर ने कहा कि 24 साल तक उनका जीवन 22 गज की पिच के इर्द-गिर्द घूमता रहा और इस पूरे सफर में बल्ले उनके सबसे करीबी साथी रहे. उन्होंने कहा कि हर बल्ला उन्हें उनके करियर के अलग-अलग दौर, ड्रेसिंग रूम, मैदान और दर्शकों की याद दिलाता है. सचिन ने MCA और उसके अध्यक्ष अजींक्य नाइक का इस पहल के लिए धन्यवाद भी दिया.
MCA अध्यक्ष ने बताया खास पहल
MCA अध्यक्ष अजींक्य नाइक ने कहा कि यह सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े आइकन को श्रद्धांजलि है. उन्होंने बताया कि भारत के पहले म्यूजियम और स्टेडियम टूर की शुरुआत के बाद एक साल में 23,000 से ज्यादा लोग MCA म्यूजियम और वानखेड़े स्टेडियम का दौरा कर चुके हैं. अब 'Batography' के जुड़ने से क्रिकेट प्रेमियों को एक और खास अनुभव मिलेगा.
17 नवंबर से देख सकेंगे फैंस
MCA के अनुसार म्यूजियम और म्यूजियम-स्टेडियम टूर के टिकट 17 से 22 नवंबर 2026 तक उपलब्ध हैं. इन टूर में सचिन तेंदुलकर की 'बैटोग्राफी' को भी शामिल किया गया है, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों को उनके ऐतिहासिक सफर को करीब से देखने का मौका मिलेगा.
यह भी पढ़ें- 29 गेंदों में ठोक दिए 82 रन, टीम इंडिया से बाहर हुए सूर्यकुमार यादव का जमकर गरजा बल्ला
यह भी पढ़ें- '10 साल बाद पछताएंगे विराट कोहली...,' कपिल देव ने स्टार क्रिकेटर को लेकर क्यों कह दी इतनी बड़ी बात?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं