नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक जाम के संकट को दूर करने के लिए एक और फ्लाईओवर बनाने की तैयारी चल रही है. नोएडा के सेक्टर 150 में ये फ्लाईओवर 84 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. ये आर्च टाइप फ्लाईओवर से नोएडा, गाजियाबाद से लेकर दिल्ली तक हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी.नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे को क्रॉस करते हुए ये एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा, जो सेक्टर 148 और सेक्टर 150 को लिंक करेगा. दिल्ली, गाजियाबाद के साथ नोएडा में सेक्टर-150 या उसके आसपास के सेक्टरों को पीक टाइम में ट्रैफिक से जूझना नहीं पड़ेगा. इस पुल की लंबाई की 610 मीटर होगी. आकर्षण के साथ मजबूत इंजीनियरिंग का ये नायाब नमूना होगा.
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे को करेगा क्रॉस, सेक्टर 150 का नया फ्लाईओवर
सेक्टर-150 नोए़डा में बड़े आवासीय हब के तौर पर विकसित हुआ है, जहां कई हाई-राइज सोसाइटी और रियल एस्टेट प्रोजेक्ट हैं. ट्रैफिक दबाव के कारण इस फ्लाईओवर की मांग लंबे समय से की जा रही थी इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा की दो लाख से ज्यादा आबादी को फायदा मिलेगा.
अभी सेक्टर 150 और आसपास के लोगों को एक्सप्रेसवे पार करने के लिए संकरे अंडरपास से गुजरना पड़ता है. सुबह और शाम के बिजी टाइम में अंडरपास पर भारी ट्रैफिक जाम और गाड़ियों की लंबी कतार लगती है. यह फ्लाईओवर 610 मीटर लंबा और लगभग 4 लेन का होगा. एक्सप्रेसवे के मुख्य हिस्से में 65 मीटर का हिस्सा बिना खंभों का होगा. इससे नीचे ट्रैफिक में भी कोई रुकावट नहीं आएगी. बाकी 545 मीटर हिस्से में एप्रोच रोड और रैंप बने होंगे.
आईआईटी रुड़की की मंजूरी का इंतजार
इस परियोजना की डीपीआर भी बन गई है. इसके डिजाइन को IIT रुड़की को तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है. आईआईटी रुड़की से मंजूरी मिलने और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा. निर्माण के बाद इसे डेढ़ साल में पूरा कर लिया जाएगा. एक्सप्रेसवे के इस दक्षिणी छोर और यमुना खादर/पुश्ते के पास स्थित लगभग 20 ग्रामीण इलाकों के निवासियों का आवागमन सुगम होगा.
ये भी पढ़ें - दिल्ली को जल्द मिलेंगे 3 डबल डेकर कॉरिडोर, ऊपर मेट्रो और नीचे वाहन भरेंगे फर्राटा, इन इलाकों को फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं