- आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रोमारियो शेफर्ड ने नौवें क्रम से बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 52 रन बनाए
- शेफर्ड ने 37 गेंदों में 140.54 की स्ट्राइक रेट से तीन चौके और चार छक्के लगाकर विस्फोटक पारी खेली
- यह अर्धशतक रोमारियो शेफर्ड के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का पहला अर्धशतक भी साबित हुआ
Romario Shepherd World Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 47वां मुकाबला गुरुवार (26 फरवरी) को वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच अहमदाबाद में खेला गया. जहां वेस्टइंडीज की टीम जीत तो हासिल नहीं कर पाई. मगर निचले क्रम के ऑलराउंडर खिलाड़ी रोमारियो शेफर्ड (Romario Shepherd) ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया है. वह आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में आठवें या आठवें क्रम से नीचे बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं.
नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शेफर्ड ने बनाए नाबाद 52 रन
वेस्टइंडीज की तरफ से नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए आज के मुकाबले में रोमारियो शेफर्ड ने कुल 37 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 140.54 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 52 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से तीन चौके और चार खूबसूरत छक्के देखने को मिले. नतीजन कैरेबियन टीम 176/8 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही.
शेफर्ड के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का रहा पहला अर्धशतक
यहीं नहीं यह अर्धशतकीय पारी शेफर्ड के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का पहला अर्धशतक भी है. यानी कि आज के मुकाबले से पहले उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कभी भी अर्धशतक नहीं लगाया था.
होल्डर और शेफर्ड ने की रिकॉर्ड साझेदारी
जेसन होल्डर और शेफर्ड की तरफ से आज के मुकाबले में आठवें विकेट के लिए की गई 89 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की तरफ से की गई सबसे बड़ी साझेदारी है.
होल्डर और शेफर्ड से पहले यह खास रिकॉर्ड शेफर्ड और रदरफोर्ड के नाम दर्ज था. जिन्होंने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की तरफ से आठवें विकेट के लिए 27 रनों की साझेदारी की थी.
यह भी पढ़ें- 7 चौके, 5 छक्के, 331.58 का स्ट्राइक रेट, IPL से पहले वैभव सूर्यवंशी ने गेंदबाजों को जमकर धोया, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं