- दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में यमुना बाजार अंडरपास के पास बदमाशों ने ई-रिक्शा सवारों से लूटपाट की
- लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चार लोगों पर चाकू से हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई
- घटना शाम लगभग साढ़े सात बजे हुई, जिसमें तीन लोग घायल भी हुए हैं
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां यमुना बाजार अंडरपास के नजदीक बदमाशों ने ई-रिक्शा सवारों से लूटपाट की और एक शख्स की चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी.
बताया जा रहा है कि गांधी नगर से ई-रिक्शा चालक सहित कुछ लोग पुरानी दिल्ली के खारी बावली इलाके की ओर जा रहे थे. जैसे ही ई-रिक्शा यमुना बाजार अंडरपास के पास पहुंचा, वहां मौजूद बदमाशों ने उसे रोक लिया और सवारियों के पास मौजूद बैग छीनने का प्रयास करने लगे.
वारदात से इलाके में सनसनी
जब ई-रिक्शा चालक समेत चारों लोगों ने लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह वारदात शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक दल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल पुलिस हत्या और लूट की वारदात के पीछे की वजह की जांच कर रही है. साथ ही फरार बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं