Ricky Ponting on Shreyas Iyer : ऑस्टेलिया के पूर्व कप्तान और आईपीएल में पंजाब किंग्स के कप्तान रिकी पोंटिंग ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी को लेकर बड़ा बयान दिया है और माना है कि अय्यर को भारतीय टी-20 टीम का कप्तान रिटायरमेंट तक बने रहना चाहिए. पोंटिंग ने स्पोर्ट्स तक के साथ बात करते हुए अपनी राय दी और अय्यर के साथ-साथ टीम इंडिया को लेकर भविष्यवाणी की है.
"मैं श्रेयस अय्यर की जितनी भी तारीफ करूं कम है. मुझे लगता है कि नीलामी में उन पर इतना पैसा खर्च करके मैंने अपनी बात साफ कर दी थी. मैं उनके साथ फिर से काम करना चाहता था। KR जाने से पहले मैंने दिल्ली में उनके साथ 4-5साल काम किया था. एक तो, मुझे पता था कि मैं एक खिलाड़ी के तौर पर उनसे अपना बेस्ट निकलवा सकता हूँ, लेकिन मैं एक कप्तान और लीडर के तौर पर भी उनके साथ काम करना चाहता था.
श्रेयस अय्यर शानदार थे, हमारे पहले ही सीजन में हमें फाइनल तक पहुंचाया और पिछले साल भी हमने बहुत अच्छी शुरुआत की थी. मुझे पता है कि आईपीएल के आखिर में और जब उन्होंने भारतीय टीम की कमान संभाली, तब उनका दौर मुश्किल रहा, लेकिन मुझे इसमें कोई शक नहीं कि वह इसके लिए सही व्यक्ति थे और मुझे लगता है कि T20 क्रिकेट से रिटायर होने तक वह इस काम के लिए सही व्यक्ति बने रहेंगे.

भारत की पिच पर पोंटिंग ने उठाया सवाल
इसके अलावा पोंटिंग ने ये भी दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया के पास इस बार भारत में टेस्ट सीरीज जीतने का मौका होगा, जिस तरह से न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका ने भारत को भारत में हराया है, उससे ऑस्ट्रेलियाई टीम सीख लेकर भारत को टेस्ट सीरीज में हरा सकती है. पोंटिंग ने भारत की पिच को लेकर बात की और पिच को ठीक करने की सलाह भी दी है.
पोंटिंग ने कहा, "अगर भारत अपने घरेलू मैदानों पर और मैच जीतना चाहता है, तो उन्हें शायद अपनी पिचों को तैयार करने के तरीके पर थोड़ा और सोच-समझकर काम करने की जरूरत है. मुझे लगता है कि उन्होंने स्पिनिंग पिचें बनाने में कुछ ज्यादा ही अति कर दी है; ऐसी पिचें जिनसे उनके अपने बल्लेबाज ही नहीं निपट पाए, जबकि विरोधी टीमें भारत में उनसे बेहतर खेल पाई हैं."
पोंटिंग ने यह भी अनुमान लगाया कि भारत में होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया अपनी टीम में, खासकर बैटिंग लाइन-अप में, बदलाव करेगा. वर्ल्ड कप जीतने वाले पूर्व कप्तान को यह भी नहीं लगता कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया अपने सभी तेज गेंदबाजों को भारत ले जाएगा.
उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि जब ऑस्ट्रेलिया भारत में होगा, तो उस समय टीम थोड़ी अलग होगी. खासकर हमारी बैटिंग लाइन-अप में कुछ बदलाव किए जाएंगे. अगर वहां की पिचें वैसी ही रहीं जैसी पिछले कुछ दौरों पर रही हैं, तो मुझे नहीं लगता कि हम अपने सभी तेज गेंदबाजों को भारत ले जाएंगे"
ये भी पढ़ें-नंबर-2 किशोर जेना, नंबर-1 रोहित यादव, नीरज चोपड़ा के बाद 80m+ भाला फेंकने वाले टॉप-5 भारतीय जैवलिन थ्रोअर
ये भी पढ़ें-15 साल के वैभव सूर्यवंशी का धमाका, U19 से IPL और दलीप ट्रॉफी तक बना डाले 7 महारिकॉर्ड, टूटना मुश्किल
ये भी पढ़ें-भारत के T20I स्क्वाड में जगह न मिलने पर क्रुणाल पंड्या का छलका दर्द, ऐसे रिएक्ट कर बढ़ाई हलचल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं