अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू हो रही तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए मंगलवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. संजू सैमसन की टीम में वापसी हुई है. स्क्वाड में जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा भी नाम है. लेकिन अहम सवाल इन खिलाड़ियों के नामों को लेकर है. इस सीरीज के लिए चार खिलाड़ियों की भागीदारी फिटनेस पर निर्भर है. अगर वह फिट हुए और फिटनेस टेस्ट पास किया तो ही एक्शन में दिखेंगे. लेकिन सवाल इससे आगे का है. अगर यह खिलाड़ी फिट नहीं हुए तो कौन उनकी जगह लेगा? क्योंकि बोर्ड ने रिजर्व खिलाड़ियों के नामों का ऐलान भी नहीं किया है.
बड़ा सवाल- अगर फिट नहीं हुए तो क्या
भारतीय टीम के ऐलान पर बीसीसीआई की तरफ से जो प्रेस रिलीज जारी की गई है, उसमें जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा के नामों के आगे स्टार लिखा है. साथ ही बोर्ड ने लिखा है कि उनकी भागीदारी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर होगी. बीते कुछ सालों में ऐसी पहली है, जब टीम में इतने खिलाड़ियों को सब्जेक्ट टू फिटनेस रखा गया है.
बोर्ड ने कोई रिजर्व खिलाड़ियों की सूची जारी नहीं की है. ऐसे में सवाल होता है कि अगर इन चारों में से कोई टेस्ट पास नहीं कर पाया तो कौन उनकी जगह लेगा. क्या बोर्ड बाद में इनके रिप्लेसमेंट का ऐलान करेगा?
बोर्ड ने रिजर्व का ऐलान क्यों नहीं किया है, इसका प्रेस रिलीज में तो कोई जवाब नहीं है. हालांकि, दलीप ट्रॉफी का फाइनल सामने हैं और कई सीनियर खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं. ऐसे में बोर्ड चोटिल खिलाड़ियों के फिटनेस टेस्ट का इंतजार करेगा और उसके बाद ही कोई फैसला लेगा, ताकि दलीप ट्रॉफी के फाइनल के लिए टीमें को कोई नुकसान ना हो, एक जवाब हो सकता है.
दूसरा क्योंकि सीरीज भारत में ही है और टीम इंडिया दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अपने मुकाबले खेलेगी, तो ऐसे में आखिरी पलों में अगर किसी खिलाड़ी को टीम में सेलेक्ट किया गया तो ट्रेवल को लेकर दिक्कत नहीं आएगी. खिलाड़ी समय से पहले टीम के साथ जुड़ पाएंगे.
चोटिल होकर हुए थे बाहर
इंग्लैंड में भारत की वनडे सीरीज़ के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण बुमराह टीम से बाहर हो गए थे और इसके बाद श्रीलंका में टीम की दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ में भी नहीं खेल पाए थे. अब उनकी टीम में वापसी हो रही है. श्रीलंका दौरे के लिए टीम चुने जाने के समय BCCI की मेडिकल टीम ने 32 साल के बुमराह को आराम करने की सलाह दी थी. बुमराह के घुटने में चोट लगी थी और उन्होंने उसी चोट के साथ IPL खेला था, जिसमें वे ज़्यादातर समय अपनी लय में नहीं दिखे थे.
वर्कलोड मैनेजमेंट और भविष्य की सीरीज़ को ध्यान में रखते हुए, भारतीय चयनकर्ताओं ने 2027 वर्ल्ड कप को देखते हुए बुमराह और हार्दिक पांड्या दोनों को ज़्यादा वनडे क्रिकेट के लिए चुना था, साथ ही किसी भी ज़रूरी असाइनमेंट के लिए उन्हें वापस बुलाने का दरवाज़ा भी खुला रखा था.
इंग्लैंड में भारत की पांच मैचों की T20I सीरीज़ के तीसरे मैच के दौरान राणा के दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी और उन्हें स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के साथ टीम से बाहर कर दिया गया था. बाद में स्कैन से पता चला कि राणा को ग्रेड 1 हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी, जिसके बाद यह तेज़ गेंदबाज़ बेंगलुरु में सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करने गया. इसी तरह की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण 24 साल का यह तेज गेंदबाज़ T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया था. चक्रवर्ती की जगह टीम में आए वॉशिंगटन को बाद में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी और वे भी ठीक होने के लिए COE में हैं.
ऑलराउंडर रेड्डी जून के आखिर में भारत के आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरों से बाहर हो गए थे. चेन्नई में अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ भारत के तीसरे वनडे के दौरान उनकी चोट और बढ़ गई थी और 23 साल के इस खिलाड़ी को कम से कम एक महीने के लिए COE भेजा गया था, लेकिन वे श्रीलंका सीरीज़ के लिए ठीक नहीं हो पाए. रेड्डी को पहले वनडे में चोट लगी थी और उन्हें दूसरे वनडे में आराम दिया गया था. हालांकि, तीसरे वनडे में छह ओवर फेंकने के बाद उन्हें परेशानी महसूस हुई.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्रिकेट में हाहाकार: 7 खिलाड़ियों की छुट्टी के बाद चीफ सेलेक्टर मिस्बाह उल हक ने दिया इस्तीफा
यह भी पढ़ें: IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का ऐलान, सैमसन की वापसी, देखें किसे मिली जगह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं