पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ दोहरे शतक वाली पारी की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि इतने कम समय में बनाया गया यह रिकॉर्ड भविष्य में तोड़ना आसान नहीं होगा. साथ ही उन्होंने भारतीय क्रिकेट को सलाह दी कि युवा प्रतिभाओं को लगातार मौके दिए जाने चाहिए. ACC मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और 7 चौके लगाए. 15 वर्षीय बल्लेबाज ने 28 गेंदों में सबसे तेज लिस्ट ए शतक और 52 गेंदों में सबसे तेज लिस्ट ए दोहरा शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
ANI से बातचीत में अजहरुद्दीन ने कहा, "सूर्यवंशी बहुत अच्छा खेल रहा है. वह अभी बहुत छोटा है और मुझे खुशी है कि वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. मेरी राय में इस रिकॉर्ड को तोड़ना आसान नहीं होगा. वह शानदार क्रिकेट खेल रहा है और मेरी बस यही उम्मीद है कि उसे हर मैच में खेलने का मौका मिले."
पूर्व कप्तान ने आगे कहा, "जब आप किसी युवा खिलाड़ी को भारतीय टीम में लाते हैं तो आपको उसे लगातार मौके देने चाहिए. आप उसे सिर्फ एक, दो या तीन मैच नहीं खिला सकते. अगर आप किसी खिलाड़ी को महान बनाना चाहते हैं और उसे स्थापित खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ने में मदद करना चाहते हैं तो उसे ज्यादा से ज्यादा अवसर देने होंगे."
दोहा में खेले गए मुकाबले में वैभव की पारी की बदौलत इंडिया ए ने 250 रन का लक्ष्य महज 14.2 ओवर में हासिल कर लिया था. टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज की थी. वैभव ने अपनी इस पारी के दौरान कई लिस्ट ए रिकॉर्ड तोड़ दिए. उन्होंने केवल 28 गेंदों में शतक पूरा कर ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंदों वाला रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन पूरे किए और फिर 52 गेंदों में दोहरा शतक लगाकर चाड बोवेस के 103 गेंदों के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया.
28 छक्कों के साथ सूर्यवंशी किसी भी लिस्ट ए पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंडिया ए ने केवल पांच ओवर में 100 रन का आंकड़ा छू लिया था. वैभव का रिकॉर्ड सिर्फ एक पारी तक सीमित नहीं है. अब तक खेले गए 16 लिस्ट ए मैचों में उन्होंने 50.31 की औसत और 193 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 805 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और दो अर्धशतक निकले हैं, जबकि उन्होंने 63 छक्के भी लगाए हैं.
युवा वनडे क्रिकेट में भी सूर्यवंशी का रिकॉर्ड शानदार रहा है. इंडिया अंडर-19 के लिए 25 पारियों में उन्होंने 56.48 की औसत और 165.72 के स्ट्राइक रेट से 1412 रन बनाए हैं. इसमें चार शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं. इसी साल अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 175 रन की पारी काफी चर्चित रही थी.
भारत के लिए 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी सूर्यवंशी 29.50 की औसत और 185 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 295 रन बना चुके हैं. उनके नाम दो अर्धशतक हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन है. अजहरुद्दीन के बयान ने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट के इस युवा सितारे से भविष्य में और भी बड़े कारनामों की उम्मीद की जा रही है.
यह भी पढ़ें | पाकिस्तान कैसे कर रहा है बिहार के ताजपुर के लाला का गुणगान, सरहद पार भी मची है स्पीडगन वैभव सूर्यवंशी की धूम!
यह भी पढ़ें | खत्म होगा 17 साल का इंतजार, सीरीज जीत पर भारत की नजर, दूसरे टेस्ट में डेब्यू कर सकते हैं गुरनूर बरार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं