विज्ञापन

रविंद्र जडेजा के नाम ऐतिहासिक मुकाम, WTC में 50 मैच खेलने वाले पहले एशियाई क्रिकेटर बने

श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच रविंद्र जडेजा का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 50वां मैच है. इसके साथ ही वह WTC इतिहास में 50 मैच खेलने वाले पहले भारतीय और पहले एशियाई क्रिकेटर बन गए हैं.

रविंद्र जडेजा के नाम ऐतिहासिक मुकाम, WTC में 50 मैच खेलने वाले पहले एशियाई क्रिकेटर बने
Ravindra Jadeja
X (formerly Twitter)

रविंद्र जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में उतरते ही इतिहास रच दिया. जडेजा का यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 50वां मैच है. इसके साथ ही वह WTC इतिहास में 50 मैच खेलने वाले पहले भारतीय और पहले एशियाई क्रिकेटर बन गए हैं. जडेजा ने भारत के लिए WTC के अलग-अलग साइकल में लगातार अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने 2019-21 साइकल में 11, 2021-23 में 13 और 2023-25 साइकल में 15 मैच खेले. मौजूदा 2025-27 साइकल में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट उनका 11वां WTC मैच है.

WTC में जडेजा का रिकॉर्ड

50 WTC मैचों में जडेजा ने 2,632 रन बनाए हैं और 160 विकेट अपने नाम किए हैं. उनके नाम WTC में 5 शतक और 6 बार पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175* और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/42 रहा है. भारतीय खिलाड़ियों में WTC मैच खेलने के मामले में जडेजा के बाद मोहम्मद सिराज और विराट कोहली का नंबर आता है. जडेजा के 50 मैचों के मुकाबले सिराज ने 47 और विराट कोहली ने 46 WTC मैच खेले हैं.

जडेजा से आगे सिर्फ विदेशी दिग्गज

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के जो रूट के नाम है. रूट 78 WTC मैच खेल चुके हैं. उनके बाद बेन स्टोक्स ने 64, स्टीव स्मिथ ने 61 और मार्नस लाबुशेन ने 60 मैच खेले हैं. जडेजा अब 50 मैच के आंकड़े तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं. इस उपलब्धि के साथ वह एशिया के सबसे ज्यादा WTC मैच खेलने वाले क्रिकेटर भी बन गए हैं.

WTC में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी

  • जो रूट (इंग्लैंड) - 78 मैच, 6,717 रन, 50 विकेट
  • बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) - 64 मैच, 3,857 रन, 119 विकेट
  • स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) - 61 मैच, 4,721 रन, 2 विकेट
  • मार्नस लाबुशेन (ऑस्ट्रेलिया) - 60 मैच, 4,520 रन, 5 विकेट
  • ट्रैविस हेड (ऑस्ट्रेलिया) - 59 मैच, 3,990 रन, 16 विकेट
  • जैक क्रॉली (इंग्लैंड) - 57 मैच, 3,314 रन
  • नाथन लियोन (ऑस्ट्रेलिया) - 57 मैच, 782 रन, 228 विकेट
  • मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) - 56 मैच, 1,121 रन, 234 विकेट
  • पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया) - 54 मैच, 1,056 रन, 228 विकेट
  • ऑली पोप (इंग्लैंड) - 54 मैच, 2,993 रन
  • एलेक्स कैरी (ऑस्ट्रेलिया) - 50 मैच, 2,387 रन
  • रविंद्र जडेजा (भारत) - 50 मैच, 2,632 रन, 160 विकेट

विदेश में भी जडेजा के पास दो बड़े रिकॉर्ड का मौका

श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट जडेजा के लिए सिर्फ WTC का ऐतिहासिक मैच नहीं है. उनके पास विदेशी जमीन पर टेस्ट क्रिकेट में दो और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने का मौका है. जडेजा ने भारत के बाहर खेले 37 टेस्ट मैचों में अब तक 96 विकेट लिए हैं. वह विदेशी धरती पर 100 टेस्ट विकेट पूरे करने से सिर्फ चार विकेट दूर हैं. वहीं, विदेश में उनके नाम 62 टेस्ट पारियों में 1,885 रन हैं. अगर वह कोलंबो टेस्ट में 115 रन बना लेते हैं तो विदेशी जमीन पर 2,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले भारतीय खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो जाएंगे.

रविंद्र जडेजा का टेस्ट करियर

रविंद्र जडेजा भारतीय टेस्ट क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं. 91 टेस्ट मैचों में जडेजा ने 37.82 की औसत से 4160 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 175 रन है. बल्लेबाजी के अलावा जडेजा ने गेंद से भी कई मैचों में भारत को जीत दिलाई है और अपनी सटीक स्पिन व बेहतरीन फील्डिंग के दम पर टीम के सबसे मूल्यवान खिलाड़ियों में शुमार हुए हैं. लॉअर ऑर्डर में महत्वपूर्ण रन बनाने और मुश्किल परिस्थितियों में साझेदारियां निभाने की उनकी क्षमता ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट में भारत का एक अहम स्तंभ बना दिया है.

ये भी पढ़ें-  Devdutt Padikkal Century: सचिन-सहवाग क्लब में देवदत्त पडिक्कल की एंट्री, 9 साल बाद किसी भारतीय ने किया कमाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Sri Lanka, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com