विज्ञापन

दिल्‍ली-NCR, मुंबई, बेंगलुरु और पुणे के बाद अब इस शहर में खुलेगा Apple का रिटेल स्‍टोर, तारीख का ऐलान, क्‍यों होगा खास?

New Apple Retal Store: देश में एप्‍पल का सातवां रिटेल स्‍टोर खुलने जा रहा है. कंपनी ने गुरुवार को शहर, लोकेशन, तारीख और समय का ऐलान कर दिया. जानिए ये स्‍टोर क्‍यों बाकी रिटेल स्‍टोर्स से खास और अलग होगा. पूरी डिटेल इस खबर में.

दिल्‍ली-NCR, मुंबई, बेंगलुरु और पुणे के बाद अब इस शहर में खुलेगा Apple का रिटेल स्‍टोर, तारीख का ऐलान, क्‍यों होगा खास?
Apple का नया रिटेल स्‍टोर क्‍यों होगा खास?
Source: NDTV Graphics/Social

आईफोन निर्माता कंपनी एप्‍पल (Apple) हैदराबाद में अपना सातवां रिटेल स्‍टोरी खोलने जा रही है. ये हैदराबाद और पूरे तेलंगाना में कंपनी का पहला स्‍टोर होगा. गुरुवार को एप्‍पल ने हैदराबाद में स्‍टोर खोलने की तारीख और समय का ऐलान किया.  कंपनी ने बताया कि वो 10 दिसंबर को हैदराबाद में अपना पहला रिटेल स्टोर खोलेगी. स्‍टोर ग्राहकों के लिए शाम 5 बजे खोल दिया जाएगा.  

आईफोन निर्माता ने स्टोर के बाहरी डिजाइन का भी अनावरण किया है. इसमें इंद्रधनुषी पृष्ठभूमि पर मोती से प्रेरित एप्पल का लोगो लगाया गया है, जो हैदराबाद की 'सिटी ऑफ पर्ल्स' के रूप में लंबे समय से रही पहचान को दर्शाता है.

हैदराबाद में एप्‍पल स्‍टोर की लोकेशन 

कंपनी ने बताया कि हैदराबाद के लेक शोर-वाई जंक्शन मॉल में नया आउटलेट 'एप्पल कुकटपल्ली' खोला जा रहा है. ये भारत में कंपनी का सातवां रिटेल स्टोर और तेलंगाना में पहला स्टोर होगा. इसके जरिए कंपनी की कोशिश भारत में अपने फिजिकल रिटेल नेटवर्क का विस्तार और देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे टेक्नोलॉजी सेंटर्स में से एक में अपनी उपस्थिति मजबूत करना है. 

क्‍यों खास होगा हैदराबाद का ये स्‍टोर? 

कंपनी ने कहा कि इस स्टोर का उद्घाटन भारत में उसके विस्तार की रणनीति में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है. यहां ग्राहकों को एप्पल के उत्पादों की पूरी रेंज, सेवाओं, तकनीकी सहायता और स्टोर में आयोजित शैक्षणिक सत्रों का लाभ मिलेगा. 

कंपनी ने कहा कि भारत में उसके परिचालन के लिहाज से हैदराबाद का विशेष महत्व है. हैदराबाद का ये स्‍टोर इसलिए भी खास होगा क्‍योंकि शहर में पहले से ही एप्पल की रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) और रिटेल कस्टमर केयर टीमें मौजूद हैं. 

ग्राहक कंपनी के 'टुडे एट एप्पल' कार्यक्रम में भी हिस्सा ले सकेंगे. इसके तहत फोटोग्राफी, वीडियो निर्माण, ड्राइंग और डिवाइस के इस्तेमाल पर मुफ्त सत्र आयोजित किए जाते हैं.

ग्राहकों की सुविधा का पूरा ध्‍यान 

इस स्टोर में एप्पल के नवीनतम डिवाइस और सेवाओं की रेंज प्रदर्शित की जाएगी. यहां विशेषज्ञों, तकनीकी जानकारों और समर्पित बिजनेस टीमों के जरिए ग्राहकों को सहायता भी मिलेगी. कंपनी के अनुसार, एप्पल मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु और पुणे में अपने मौजूदा स्टोर के अलावा रिटेल नेटवर्क का विस्तार करेगी. 

कंपनी ने कहा कि नया स्टोर भारतीय बाजार के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है. कंपनी फिजिकल रिटेल स्टोर, ऑनलाइन बिक्री चैनलों और ग्राहक सहायता सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों के साथ जुड़ाव को और मजबूत करना चाहती है. 

स्टोर के उद्घाटन से पहले एप्पल ने हैदराबाद की थीम पर आधारित डिजिटल कंटेंट भी जारी किया है. इसमें विशेष वॉलपेपर, स्टिकर और शहर की संस्कृति से प्रेरित संगीत की एक खास प्लेलिस्ट शामिल है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Apple Store In India, Apple Retail Store, Apple Retail Stores, IPhone New Series, Apple Retails Stores In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com