विज्ञापन

अश्विन नंबर-1, मुरलीधरन नंबर-5, जडेजा भी इस खास लिस्ट में, लेफ्ट-हैंड बल्लेबाजों के सबसे बड़े 'काल' हैं ये गेंदबाज

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट के लिए भी रवींद्र जडेजा को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बनाया गया था. यह फैसला कीवी टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देखते हुए लिया गया था.

अश्विन नंबर-1, मुरलीधरन नंबर-5, जडेजा भी इस खास लिस्ट में, लेफ्ट-हैंड बल्लेबाजों के सबसे बड़े 'काल' हैं ये गेंदबाज
लेफ्ट-हैंड बल्लेबाजों के सबसे बड़े 'काल' हैं ये गेंदबाज

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में रवींद्र जडेजा को लगातार दूसरे मैच में बाहर रखने का फैसला सुनील गावस्कर को भी हैरान कर गया. वाशिंगटन सुंदर को रवींद्र जडेजा पर तरजीह देना, न्यूजीलैंड की बैटिंग लाइन-अप में लेफ्ट हैंडर बल्लेबाजों को देखकर एक तकनीकि फैसला लग सकता है, लेकिन जडेजा के रिकॉर्ड इस पर सवाल जरूर खड़ा करते हैं. सुंदर क्राइस्टचर्च की पिच पर उतने असरदार साबित नहीं हुए है.  पहली पारी में उन्होंने सिर्फ 9 ओवर फेंके और एक विकेट निकाला. तीसरे दिन स्टंप्स तक वह 10 ओवर फेंक चुके हैं और एक शिकार कर पाए हैं. ऐसे में सवाल जरूर उठता है कि अगर जडेजा होते तो क्या भारत तीसरे दिन जिस स्थिति में है, क्या वह अलग हो सकती थी.

पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी जडेजा को अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं होने पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने पहले दिन प्लेइंग इलेवन पर ब्रा़कास्टर से बात करते हुए कहा था,"हम सिर्फ मोहम्मद सिराज की बात कर रहे हैं, लेकिन रवींद्र जडेजा का क्या? वह इस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में भारत के तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. मुझे लगता है कि चौथे और पांचवें दिन उनकी स्पिन काफी उपयोगी साबित हो सकती थी. वह ऐसी पिचों पर भी गेंद को ग्रिप और टर्न कराते हैं, जहां ज्यादा मदद नहीं होती."

बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ दाएं हाथ के गेंदबाज काफी असरदार साबित हो सकते हैं. यह पारंपरिक सोच है. लेकिन जडेजा इस तिलिस्म को तोड़ते हुए दिखते हैं. जडेजा बाएं हाथ के बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा आउट करने वाले लेफ्ट-आर्म स्पिनर हैं. उन्होंने लेफ्ट-हैंड बल्लेबाजों को 120 बार आउट किया है, जबकि डेनियल विटोरी (105) और रंगना हेराथ (93) उनसे पीछे हैं. 

टेस्ट में अगर बाएं हाथ के बल्लेबाजों का सबसे अधिक बार शिकार करने वाले गेंदबाजों की बात करें तो जडेजा इस टॉप-10 की लिस्ट में नहीं दिखते हैं. लेकिन इसमें एंट्री करने से वह बहुत अधिक पीछे भी नहीं है. इस लिस्ट  में टॉप पर पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का जलवा है. अश्विन ने अपने करियर के दौरान 268 शिकार किए हैं. जबकि दूसरे स्थान पर जेम्स एंडरसन हैं और तीसरे पर नाथन लियोन. स्टुअर्ट ब्रॉड इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं और महान स्पिनर मुरलीधरन पांचवें पर.

टेस्ट में बाएं हाथ के बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा आउट करने वाले गेंदबाज

  • रविचंद्रन अश्विन (भारत) - 268 विकेट
  • जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) - 219 विकेट
  • नाथन लियोन (ऑस्ट्रेलिया) - 205 विकेट
  • स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) - 191 विकेट
  • मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) - 186 विकेट
  • शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया) - 172 विकेट
  • ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया) - 171 विकेट
  • अनिल कुंबले (भारत) - 167 विकेट
  • मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) - 150 विकेट
  • टिम साउदी (न्यूजीलैंड) - 148 विकेट

इस सूची में जडेजा 120 विकेट के साथ थोड़ा 18वें स्थान पर हैं. जडेजा के कुल 356 टेस्ट विकेटों में 120 विकेट बाएं हाथ के बल्लेबाजों और 236 विकेट दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ आए हैं. वह किसी एक तरह के बल्लेबाज पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि दोनों के खिलाफ समान रूप से प्रभावशाली रहे हैं. बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ जडेजा का औसत 24.8 है. जबकि दाएं हाथ के बैटर के खिलाफ यह लगभग 25.5 का है.

अगर टीम मैनेजमेंट की सोच बल्लेबाजी में गहराई रखना है तो जडेजा को बाहर रखना और भी हैरान करता है. मौजूदा WTC 2025-27 चक्र में उन्होंने 11 मैचों में 789 रन बनाए हैं. उनका औसत 60.7 का है, उन्होंने 8 पचासे लगाए हैं और साथ ही 33 विकेट भी लिए हैं. वह इस दौरान दुनिया के सबसे प्रभावी टेस्ट ऑलराउंडरों में रहे हैं.

ऐसे में सवाल उठन लाजिमी है कि एक ऐसा खिलाड़ी जो हालिया WTC चक्र में 789 रन और 33 विकेट दे चुका हो, जो बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ टेस्ट इतिहास का सबसे सफल लेफ्ट-आर्म स्पिनर हो, उसे बाहर रखना क्या भारतीय टीम मैनेजमेंट की बड़ी चूक है.

यह भी पढ़ें: भारत नबंर-4, वेस्टइंडीज नंबर-1...न्यूजीलैंड में चौथी पारी में सबसे बड़ा स्कोर करने वाली टॉप-10 टीमें

यह भी पढ़ें: आर्यवीर को लेकर गांगुली ने 'वीरू' को किया मैसेज, पढ़कर हंस पड़े सहवाग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ravichandran Ashwin, Ravindrasinh Anirudhsinh Jadeja, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com