हाल ही में भारतीय टीम ने इंग्लैंड का दौरा किया था. जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी. यहां दोनों ही सीरीज में मेजबान टीम इंग्लैंड बाजी मारने में कामयाब रही. इंग्लैंड ने पहले टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत को 4-0 से हराया. उसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रही. इंग्लैंड दौरे के समाप्त होने के बाद अब देश के पूर्व कप्तान रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने दोनों टीमों को मिलाकर भारत-इंग्लैंड की ऑल टाइम वनडे टीम का ऐलान किया है. जिसकी कमान उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में रखी है.
स्काई स्पोर्ट्स क्रिकेट यूट्यूब चैनल पर अपना विचार साझा करते हुए शास्त्री ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा का चुनाव किया है. तेंदुलकर वनडे फॉर्मेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं. उन्होंने वनडे में सर्वाधिक 18,426 रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा भारत की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं. 'हिटमैन' शर्मा के बल्ले से वनडे में 11,895 रन निकले हैं. इन दोनों खिलाड़ियों ने कुल मिलाकर 751 वनडे मुकाबलों में कुल 83 शतक लगाए हैं, जो अविश्वसनीय है.
तीसरे स्थान पर शास्त्री ने इंग्लैंड के मौजूदा विकेटकीपर विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर को रखा है. बटलर खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड की तरफ से वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं. उन्होंने 115 की अधिक स्ट्राइक रेट से 5,578 रन बनाए हैं.
'किंग' कोहली को शास्त्री ने चौथे स्थान पर रखा है. कोहली के बल्ले से वनडे में 14,941 रन निकले हैं. यही नहीं वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी हैं.
शास्त्री ने 2011 वनडे वर्ल्ड कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी युवराज सिंह को पांचवें स्थान पर जगह दिया है. युवराज का इतिहास शानदार रहा है. उन्होंने देश को वनडे में कई मुकाबले अकेले अपने दम पर जिताए हैं. वह बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी मैच का रूख बदलने में माहिर थे.
टीम में उन्होंने दो तेज गेंदबाज ऑलराउडंर को जगह दी है. ये दोनों ऑलराउंडर भारत और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान कपिल देव और बेन स्टोक्स हैं. शास्त्री ने कपिल देव को छठे और स्टोक्स को सातवें स्थान के लिए चुना है. इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी टीमों को 1983 और 2019 में वर्ल्ड कप खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी.
कप्तान के तौर पर शास्त्री ने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को अपने बेड़े में जगह दी है. धोनी की देख रेख में भारतीय टीम ने साल 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम किया था. माही निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए वनडे में 10599 रन बनाने में कामयाब हुए थे.
रवि शास्त्री ने अपनी ऑल टाइम संयुक्त प्लेइंग इलेवन में कुल दो पेशेवर स्पिनरों का चुनाव किया है. ये दोनों स्पिनर आदिल राशिद और हरभजन सिंह हैं. राशिद वनडे फॉर्मेट में इंग्लैंड की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले दूसरे गेंदबाज हैं. उन्होंने 164 मैचों में कुल 243 विकेट चटकाए हैं. वहीं हरभजन की झोली में 265 विकेट आए हैं.
रवि शास्त्री ने तेज गेंदबाज के तौर पर जसप्रीत बुमराह को मौका दिया है. जिन्होंने 91 वनडे मैचों में 24 से कम की औसत से 151 विकेट लिए हैं. 12वें खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने जहीर खान को रखा है. जिन्होंने 194 वनडे मैचों में 269 विकेट प्राप्त किए हैं.
रवि शास्त्री की तरफ से चुनी गई भारत-इंग्लैंड की ऑल टाइम प्लेइंग इलेवन
सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, जोस बटलर, विराट कोहली, युवराज सिंह, कपिल देव, बेन स्टोक्स, एमएस धोनी (कप्तान), आदिल राशिद, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह.
12वां खिलाड़ी: जहीर खान.
यह भी पढ़ें- IND vs ZIM: मैच से पहले श्रेयस अय्यर ने लगाई दहाड़, अपने साथियों को दिया विस्फोटक प्रदर्शन का मंत्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं