सोशल मीडिया पर एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें दावा किया जा रहा है कि अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर रहमत शाह (Rahmat Shah) का निधन हो गया है. जिसके बाद क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया. लोगों के बीच भ्रम की स्थिति तब पैदा हुई जब अफगानिस्तान के ही ऑलराउंडर खिलाड़ी करीम जनत (Karim Janat) ने रहमत शाह की तस्वीर के साथ एक शोक संदेश इंस्टाग्राम पर साझा किया. जिसके बाद लोगों को लगा कि अनुभवी बल्लेबाज ने दुनिया को अलविदा कह दिया है. हालांकि, बाद में पता चला कि वास्तव में रहमत शाह नहीं बल्कि उनकी मां का निधन हुआ है. करीम जनत ने शोक संदेश जो कि पश्तो में लिखा गया है, रहमत शाह के लिए नहीं बल्कि उनकी मां के लिए लिखा था.
करीम की पोस्ट के ऑटोमेटेड इंस्टाग्राम ट्रांसलेशन में लिखा था, 'बड़े दुख के साथ मैंने अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी रहमत शाह के निधन की खबर सुनी. इस बड़ी त्रासदी ने मुझे और सभी क्रिकेट प्रेमियों को झकझोर कर रख दिया है. एक क्रिकेटर के नाते मैं रहमत शाह और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और शोक व्यक्त करता हू्ं. अल्लाह मरहूम को जन्नत नसीब करे, उनकी कब्र को रोशन करे और उनके परिवार को इस अपार दुख को सहने की ताकत दे. निस्संदेह, हम अल्लाह के हैं और उसी की ओर लौटकर जाना है.'
हालांकि, जब करीम के इस पोस्ट को गूगल पर अनुवाद किया गया तो सच्चाई कुछ और ही सामने आई. मूल पोस्ट में लिखा था, 'मुझे राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रहमत शाह की आदरणीय माता के निधन की खबर मिली. इस बड़ी त्रासदी ने मुझे और सभी क्रिकेट प्रशंसकों को दुखी कर दिया है. अपनी ओर से और एक क्रिकेटर के तौर मैं रहमत शाह और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और शोक व्यक्त करता हूं. अल्लाह उनकी आत्मा को जन्नत नसीब करे, उनकी कब्र को नूर से भर दे और उनके परिवार को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति दे. बेशक, हम अल्लाह के हैं और हमें उसी के पास लौटना है.'
यह भी पढ़ें- साई सुदर्शन का बल्ला बना 'चक्र', चोट ने बाहर भेजा, लौटे तो गुजरात के लिए रच दिया इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं