आईपीएल (IPL) के 19वें सीजन का 58वां मुकाबला बीते गुरुवार (14 मई) को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस (PBKS vs MI) के बीच धर्मशाला में खेला गया. जहां टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम 200 रन बनाने में कामयाब हुई थी. इसके बावजूद उसे शिकस्त का सामना करना पड़ा. जिसके साथ ही उसके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. टी20 फॉर्मेट में 200 या 200 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद लक्ष्य का बचाव करते हुए सर्वाधिक मुकाबलों में शिकस्त खाने वाली पहली टीम बन गई है. खास मामले में पंजाब की टीम ने वेस्टइंडीज की टीम को पीछे छोड़ा है. कैरेबियन टीम को 200 रन बनाने के बावजूद आठ मुकाबलों में हार का मुंह देखना पड़ा है, जबकि पंजाब की टीम को 200 रन बनाने के बावजूद 10 मुकाबलों में शिकस्त मिली है.
खास मामले में आरसीबी तीसरे, जबकि सीएसके चौथे स्थान पर काबिज
खास मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम तीसरे, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम चौथे स्थान पर काबिज है. आरसीबी को 200 या 200 से अधिक रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए सात मुकाबलों में हार मिली है. वहीं सीएसके की टीम को छह दफा शिकस्त का सामना करना पड़ा है.
मुंबई के खिलाफ पंजाब को मिली हार
मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की. पंजाब किंग्स को इस सीजन की लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है. यह टीम 13 अंकों के साथ फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है. वहीं, मुंबई इंडियंस ने 12 मुकाबलों में चौथी जीत दर्ज की है. यह टीम प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है.
एचपीसीए स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पंजाब किंग्स ने 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए. प्रियांश आर्य ने प्रभसिमरन सिंह के साथ पहले विकेट के लिए 33 गेंदों में 50 रन की साझेदारी की. प्रियांश 17 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद प्रभसिमरन ने कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 57 रन जोड़कर टीम को 107 के स्कोर तक पहुंचाया.
प्रभसिमरन ने 32 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ 57 रन की पारी खेली. प्रभसिमरन के आउट होने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि पीबीकेएस 140 के स्कोर तक 7 विकेट गंवा चुकी थी.
यहां से अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 17 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि विष्णु विनोद 15 रन और जैवियर बार्टलेट 7 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे. विपक्षी खेमे से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि दीपक चाहर ने 2 विकेट निकाले. कॉर्बिन बॉश और राज बावा ने 1-1 सफलता प्राप्त की.
इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस टीम को रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 39 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की.
रिकेल्टन 23 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 48 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम ने 9.3 ओवरों के खेल तक नमन धीर (9) और रोहित शर्मा (25) का विकेट भी गंवा दिया.
टीम ने 88 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खो दिया था, जिसके बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला. तिलक ने शेरफेन रदरफोर्ड के साथ चौथे विकेट के लिए 42 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की. रदरफोर्ड 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद तिलक ने विल जैक्स के साथ 20 गेंदों में 56 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई.
जैक्स 10 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे. तिलक ने 33 गेंदों में 6 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 75 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 2 विकेट हासिल किए. मार्को जानसेन और युजवेंद्र चहल ने 1-1 विकेट निकाला. (आईएएनएस इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- IPL 2026: लगातार पांच हार, फंस गया पंजाब किंग्स के प्लेऑफ का टिकट, जानें यहां से क्या है रास्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं