मौजूदा समय में देश की महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड के दौरे पर है. जहां दोनों टीमों के बीच 10 जुलाई से 13 जुलाई के बीच एक एक टेस्ट मुकाबला खेला जाने वाला है. अहम मुकाबला शुरु हो उससे पहले भारतीय महिला टीम से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. 25 वर्षीय युवा सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल (Pratika Rawal) मैच से बाहर हो गई हैं. उनकी जगह पर प्रिया पुनिया (Priya Punia) को टीम में शामिल किया गया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार (Amol Muzumdar) ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रतिका रावल टेस्ट मैच से बाहर हो गई हैं. प्रिया पुनिया को उनके स्थान पर टीम में शामिल किया गया है.
लॉर्ड्स में खेला जाएगा ऐतिहासिक मुकाबला
दोनों टीमों के बीच यह ऐतिहासिक मुकाबला लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जो कि महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण होगा. इस मुकाबले से पहले इस मैदान में एक भी महिला टेस्ट मैच नहीं खेला गया है. यहीं वजह है कि इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए हर कोई बेहद उत्साहित है.
रेड बॉल क्रिकेट में जगह पक्का करने से चुकी प्रतिका रावल!
लॉर्ड्स टेस्ट प्रतिका रावल के लिए किसी बड़े मौके से कम नहीं था. वनडे फॉर्मेट में वह जरूर जगह पक्का कर चुकी हैं. मगर टेस्ट फॉर्मेट में अभी भी वह स्थाई जगह पाने के लिए जुझ रही हैं. खबर लिखे जाने तक देश के लिए उन्होंने महज एक टेस्ट मुकाबला खेला है. जहां वह दोनों पारियों में मिलाकर 81 रन ही बना पाई हैं.
प्रतिका रावल का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
खबर लिखे जाने तक प्रतिका रावल ने कुल 27 वनडे और एक टेस्ट मुकाबला खेला है. जहां वह वनडे की 26 पारियों में 47.56 की औसत से 1189 और टेस्ट की दो पारियों में 40.50 की औसत से 81 रन बनाने में कामयाब हुई हैं. प्रतिका के नाम वनडे में दो शतक और आठ अर्धशतक एवं टेस्ट में एक अर्धशतक दर्ज है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं