रायपुर और राजनांदगांव से आई दो युवा क्रिकेटरों ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. मध्यम तेज गेंदबाज पलक सिंह और ऑलराउंडर महक नरवशे का चयन इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली भारतीय महिला अंडर-19 टी20 सीरीज के लिए हुआ है. 26 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक खेली जाने वाली पांच मैचों की इस टी20 सीरीज में दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम की जर्सी में मैदान पर उतरेंगी. उनके चयन से प्रदेश में महिला क्रिकेट को नई पहचान मिली है और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का बड़ा अवसर तैयार हुआ है.
पलक सिंह ने रफ्तार से बनाई पहचान
रायपुर की पलक सिंह छत्तीसगढ़ की सबसे प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों में गिनी जाती हैं. अपनी गति, अनुशासित लाइन-लेंथ और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. पिछले वर्ष आयोजित वूमेन्स प्रीमियर लीग की स्पीड क्वीन प्रतियोगिता में पलक ने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर स्वर्ण पदक जीता था. घरेलू सत्र में भी उन्होंने आठ मैचों में पांच विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की और राष्ट्रीय चयन की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश की.
महक नरवशे ने ऑलराउंड प्रदर्शन से जीता भरोसा
राजनांदगांव की महक नरवशे लंबे समय से भारतीय आयु वर्ग क्रिकेट में अपनी पहचान बना रही हैं. भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तान रह चुकी महक बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अहम योगदान देने की क्षमता रखती हैं. सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी 2025-26 में महक ने 212 रन बनाने के साथ 20 विकेट भी झटके. इसके अलावा महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में चार मैचों में 67 रन और आठ विकेट उनके नाम रहे.
महिला अंडर-23 ट्रॉफी में उन्होंने 53 रन बनाने के साथ सात विकेट हासिल किए, जबकि महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी में चार मुकाबलों में पांच विकेट लेकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया.
पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी भारतीय टीम
भारत और इंग्लैंड की महिला अंडर-19 टीमों के बीच पांच टी20 मुकाबलों की श्रृंखला आयोजित होगी. सीरीज के पहले दो मुकाबले 26 और 28 नवंबर को बड़ौदा में खेले जाएंगे. इसके बाद 1, 3 और 6 दिसंबर को शेष तीन मैच सूरत में होंगे. इस सीरीज को युवा खिलाड़ियों के लिए भविष्य की भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है.
छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण
पलक सिंह और महक नरवशे का भारतीय महिला अंडर-19 टीम में चयन छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है. दोनों खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश की युवा महिला क्रिकेटरों को नई प्रेरणा देगी और यह साबित करती है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना संभव है.
रिपोर्ट- जुल्फिकार अली
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के ब्लाइंड खिलाड़ियों की घटिया हरकत, अंपायर ने भी पार की हद, भारतीय बोर्ड ने जताई आपत्ति
यह भी पढ़ें- 'हमसे गलतियां हुईं...,' ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच ने सैंडपेपर कांड पर तोड़ी चुप्पी, बताया कैसे बर्बाद हुआ करियर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं