NZ vs SA, T20 World Cup 2026: मार्को यानसन (40 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान एडेन मारक्रम की आक्रामक बल्लेबाजी से दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के अहम मुकाबले में न्यूजीलैंड को 17 गेंद शेष रहते सात विकेट से हराकर सुपर आठ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली. न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 175 रन पर रोकने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने महज 17.1 ओवर में तीन विकेट गवांकर लक्ष्य हासिल कर लगातार तीसरी जीत दर्ज की. (Scorecard)
मारक्रम ने 44 गेंद की पारी में छह चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 86 रन बनाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. उन्होंने क्विंटन डिकॉक (नौ) के साथ 28 गेंद में 62 और रेयान रिकल्टन के साथ 18 गेंद में 40 रन की साझेदारी कर शुरुआती आठ ओवर के अंदर टीम के रनों का शतक पूरा कर मैच पर पूरी तरह से दबदबा कायम कर दिया था.
मार्क चैपमैन (48) और डेरिल मिचेल (32) के बीच पांचवें विकेट के लिए 44 गेंद में 74 रन की साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने खराब शुरुआत से उबरते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. दक्षिण अफ्रीका के लिए यानसन के अलावा लुंगी एनगिडी, केशव महाराजइऔर कोर्बिन बोश भी विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे. इन तीनों को एक-एक सफलता मिली.
लक्ष्य का पीछा करते हुए मारक्रम ने शुरुआती ओवर में ही मैट हेनरी के खिलाफ हैट्रिक चौका लगाकर आक्रामक तेवर दिखाये. उन्होंने अगले ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन का स्वागत छक्के से करने के बाद अगली गेंद पर चौका जड़ दिया.
मारक्रम ने आतिशी बल्लेबाजी जारी रखते हुए जैकब डफी की लगातार गेंदों को दर्शकदिर्धा में पहुंचाने के बाद दो चौके लगाकर तीन ओवर में ही टीम के रनों का अर्धशतक पूरा कर दिया. विश्व कप में यह तीन ओवर के बाद किसी टीम का दूसरा सबसे तेज शुरुआत है.
फर्ग्यूसन ने अपने दूसरे ओवर में क्विंटन डिकॉक की नौ रन की पारी पर विराम लगाई लेकिन रेयान रिकल्टन ने क्रीज पर आते ही लगातार गेंदों पर डफी के खिलाफ दो चौके और 103 मीटर लंबा छक्का लगाया जिससे पावरप्ले में दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट पर 83 रन बनाकर विश्व कप में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की. मारक्रम ने अगले ओवर में मिचेल सैंटनर के खिलाफ छक्का लगाकर 19 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया.
आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये जेम्स नीशम के खिलाफ मारक्रम के चौके से दक्षिण अफीका के रनों का सैकड़ पूरा हुआ लेकिन इस गेंदबाज ने रिकल्टन की 11 गेंद में 21 रन की पारी पर विराम लगाई. डेरिल मिचेल ने लांग ऑन पर उनका शानदार कैच लपका. डेवाल्ड ब्रेविस (17 गेंद में 21 रन) ने क्रीज पर आते ही चौका लगाया न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इसके बाद अच्छी गेंदबाजी की. अगले तीन ओवर में एक भी बाउंड्री नहीं लगी.
ब्रेविस ने रचिन रविंद्र के खिलाफ छक्के के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर मिचेल को कैच दे बैठे. मारक्रम और क्रीज पर आये अनुभवी डेविड मिलर (नाबाद 24) ने इसके बाद ज्यादा जोखिम लिये बिना टीम को आसान जीत दिला दी. मिलर ने फर्ग्यूसन के खिलाफ छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी.
भारत से इतर मुकाबला होने के बावजूद करीब 30,000 दर्शकों की मौजूदगी में मैच ने उम्मीदों के अनुरूप रोमांच पैदा किया. दोनों टीमें इस मुकाबले से पहले अजेय थीं. टिम सीफर्ट (नौ गेंदों पर 13 रन) ने मार्को यानसन का स्वागत छक्के के साथ किया, जबकि फिन एलन ने लुंगी एनगिडी के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए एक ही ओवर में छक्का और चौका जड़ा.
टीम का स्कोर 33 रन तक पहुंचा ही था कि यानसन ने अतिरिक्त उछाल वाली गेंद पर सीफर्ट को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच करा दिया. उन्होंने इसके बाद रचिन रविंद्र (13) को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया और जल्द ही खतरनाक एलन (17 गेंदों पर 31 रन) को कप्तान मारक्रम के हाथों कैच आउट कर दिया.
बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज ने शानदार लय में चल रहे ग्लेन फिलिप्स (एक) को बोल्ड कर सात ओवर के अंदर 64 रन पर चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड को संकट में डाल दिया. एनगिडी (34 रन पर एक विकेट) और कागिसो रबाडा को पिच से मदद मिली, लेकिन वे इसका पूरा फायदा नहीं उठा सके.
चैपमैन और मिचेल ने इसके बाद संयम और नियंत्रित आक्रामकता के साथ पारी संभाली. चैपमैन ने 26 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाए. मिचेल (24 गेंदों पर 32 रन) ने उनका अच्छे से साथ दिया. उन्होंने मारक्रम की गेंद पर लंबा छक्का जड़कर दबाव कम किया. चैपमैन ने भी मारक्रम को छक्का लगाकर ओवर से 15 रन बटोरे.
न्यूजीलैंड जब अंतिम ओवरों में बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था तब यानसन ने चैपमैन को अर्धशतक से वंचित कर टीम की वापसी कराई. रेयान रिकेल्टन ने उनका कैच लपका. मिचेल भी जल्द ही एनगिडी का शिकार बने. कप्तान मिचेल सैंटनर (चार) को कॉर्बिन बोश ने सस्ते में आउट कर दिया. आखिरी ओवरों में जेम्स नीशम की नाबाद 23 रन की बदौलत न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमों
न्यूजीलैंड प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी
दक्षिण अफ्रीका प्लेइंग इलेवन: एडन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं