उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की आबोहवा की तुलना गैस चैंबर से की और कहा कि यूपी में तेजी से विकास हो रहा है, इसके बावजूद घुटन भरा माहौल नहीं है. योगी ने कहा कि पर्यावरण का नुकसान आज दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन गई है.
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘आप देखिए यहां का पर्यावरण कितना अच्छा है, कोई प्रदूषण नहीं है. अगर प्रदूषण नहीं है, तो कोई बीमारी भी नहीं है. जब भी प्रदूषण होगा तो यह फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचाएगा. अगर ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाली मशीन खराब हो जाती है, तो पूरा शरीर खराब हो जाएगा.''
उन्होंने आगे कहा, ‘‘आप दिल्ली जाइए. क्या हालत है? ऐसा लगता है कि वहां गैस चैंबर है. हालत खराब है. आप हवा में सांस नहीं ले पाएंगे और आंखों में जलन होगी. वहां के डॉक्टर का कहना है कि जिन्हें अस्थमा और दूसरी बीमारियां हैं, बुजुर्ग और बच्चे हैं, उन्हें घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए. क्या यही जिंदगी है?''
अच्छी सड़कें, AIIMS, मेडिकल कॉलेज और फर्टिलाइजर कारखाना...
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 14, 2026
अब गोरखपुर में सब कुछ है... pic.twitter.com/Hh7YNI0Auz
आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी पर्यावरण के साथ कोई छेड़छाड़ होगी, ऐसी ही स्थिति पैदा होगी. लेकिन हम खुशकिस्मत हैं कि यहां विकास तो है, लेकिन दम घुटने वाला माहौल नहीं है.
गोरखपुर के विकास खंड जंगल कौड़िया में पुन:निर्मित विकास अधिकारी कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दिल्ली में हवा की खराब क्वलिटी पर ये बातें कहीं.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का एक्यूआई 214 दर्ज किया गया जो ‘खराब' श्रेणी में आता है. कुछ दिनों से चल रही तेज हवाओं से दिल्ली का एक्यूआई सुधरा है और अधिकांश इलाके येलो व ऑरेंज जोन में आ गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं