दोहा में खेले जा रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप में एक दिन पहले वैभव सूर्यवंशी की सुनामी के बाद पूरे क्रिकेट जगत में उनके चर्चे हैं. श्रीकांत के साथ ही भारत के पूर्व दिग्गजों ने वैभव के लिए तीनों फॉर्मेंटों में खेलने की वकालत शुरू कर दी है. न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने भारत के किशोर बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी की विशेष प्रशंसा करते हुए बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को एक अभूतपूर्व प्रतिभा बताया है. उनके अनुसार असाधारण गेंद-प्रहार क्षमता उन्हें सबसे लंबे प्रारूप (टेस्ट क्रिकेट) में भी प्रभावी बना सकती है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की बैट की कीमत में 500% उछाल, विराट को भी पीछे छोड़ा
भारतीय मूल के सोढ़ी ने कहा, 'मैंने अपने करियर में किसी को भी वैभव जितनी निरंतरता के साथ गेंद पर प्रहार करते नहीं देखा है. वह बाएं हाथ के एक अद्भुत बल्लेबाज हैं. अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर वह आगे चलकर भारत को जबरदस्त ताकत प्रदान करते हैं.' क्या यह किशोर एक सफल टेस्ट बल्लेबाज बन सकता है, सोढ़ी ने कहा, 'वैभव का आक्रामक अंदाज खास तौर पर तब मूल्यवान हो सकती है जब टीमें तेजी से सपाट होती जा रही पिचों पर चौथी पारी के कठिन लक्ष्यों का पीछा कर रही हों.'
कीवी स्पिनर बोले, ' मेरी किसी से इस बारे में बात हो रही थी. क्या वह रेड-बॉल खिलाड़ी बन सकते हैं? मुझे लगता है कि उनके बुनियादी कौशल (फंडामेंटल्स) अद्भुत हैं. जिस तरह से वह मैदान के हर हिस्से में गेंद को हिट करते हैं, उनकी तकनीक निश्चित रूप से काफी अच्छी है. मैं सोच रहा था, यदि आप कोई टेस्ट मैच खेल रहे हैं और आखिरी दिन 380 या 400 रनों का पीछा करना है, तो उनके जैसा खिलाड़ी आपकी टीम में होना अविश्वसनीय होगा.'
सोढ़ी ने कहा, 'खास तौर पर मुख्य रूप से हेगले ओवल में. इस मैदान पर चौथी पारी में पिच काफी सपाट हो जाती है और विपक्षी गेंदबाजी आक्रमण के लिए उन्हें शांत रखना कठिन होगा.' हालांकि, सोढ़ी ने स्वीकार किया कि तेजी से रन बनाने की क्षमता रखने और टेस्ट क्रिकेट में लंबी अवधि तक बल्लेबाजी करने के लिए जरूरी धैर्य (टेम्परामेंट) प्रदर्शित करने के बीच एक अंतर है. उन्होंने कहा, 'यदि हम इसे पारंपरिक अर्थों में देखें, तो क्या वह वास्तव में लंबी अवधि तक बल्लेबाजी कर सकते हैं? क्या वह क्रीज पर समय बिता सकते हैं? मुझे यकीन नहीं है. मैंने उनकी रक्षात्मक तकनीक बहुत ज्यादा नहीं देखी है. लेकिन क्या वह टेस्ट क्रिकेट में प्रभावी हो सकते हैं? हां, वह बिल्कुल प्रभावी हो सकते हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं