आईपीएल में पंजाब किग्स के युवा बल्लेबाज ने आगामी क्रिकेट सीजन से पहले अपनी घरेलू टीम पंजाब को बड़ा झटका दिया है. बाएं हाथ के बल्लेबाज नेहाल वढेरा ने पंजाब का साथ छोड़कर हिमाचल प्रदेश की तरफ से खेलने का फैसला किया है. वढ़ेरा की मौजूदगी हिमाचल प्रदेश की बल्लेबाजी को मजबूत करेगी, जबकि उनके जाने से पंजाब की बल्लेबाजी कमजोर हुई है.
ईएसपीएन की रिपोर्ट के मुताबिक, वढेरा ने पंजाब टीम में सीमित अवसर मिलने के कारण यह फैसला लिया. वह हिमाचल प्रदेश से जुड़ने वाले पंजाब के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले पुखराज मान और आर्यमान सिंह भी इस टीम का हिस्सा बन चुके हैं. वढेरा को पिछले सीजन में पंजाब के लिए लगातार खेलने का मौका नहीं मिला. उन्होंने केवल तीन रणजी ट्रॉफी, दो विजय हजारे ट्रॉफी और चार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मुकाबले खेले.
डेब्यू मैच में शतक लगाकर बटोरी थीं सुर्खियां
नेहाल वढेरा घरेलू क्रिकेट के होनहार युवा बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. इस बल्लेबाज ने 2022-23 रणजी ट्रॉफी सीजन में गुजरात के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में शानदार शतक लगाकर पहली बार सुर्खियां बटोरी थीं. इसके बाद उन्होंने लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और 2023-24 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली पंजाब टीम का भी हिस्सा रहे.
अब तक वढेरा 17 प्रथम श्रेणी, 16 लिस्ट-ए और 69 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व करते हुए 44 मैच खेले हैं, जिससे उन्हें बड़े स्तर का अनुभव भी हासिल है. हिमाचल प्रदेश क्रिकेट टीम ने नए सीजन से पहले अपने सपोर्ट स्टाफ में भी बदलाव किया है. टीम ने वीआरवी सिंह की जगह विनीत सक्सेना को मुख्य कोच और गगनदीप सिंह को गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है. हिमाचल के पूर्व बल्लेबाज प्रशांत चोपड़ा भी उत्तराखंड छोड़कर अपने गृह राज्य लौट आए हैं.
हिमाचल प्रदेश की टीम पिछले घरेलू सीजन में रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के नॉकआउट चरण में जगह बनाने में असफल रही थी. रणजी ट्रॉफी में टीम का अभियान दो हार और पांच ड्रॉ के साथ समाप्त हुआ था. ऐसे में निहाल वढेरा का शामिल होना हिमाचल के लिए बेहतर प्रदर्शन की संभावना को बढ़ाता है.
ये भी पढ़ें- IND vs ENG: इंग्लैंड की धरती पर रोहित-कोहली का नया कारनामा, 8 हजार रनों का आंकड़ा छुआ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं