IND vs ENG, 2nd ODI: इंग्लैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाजी रोहित शर्मा और विराट कोहली ने एक विशेष उपलब्धि हासिल कर ली है. वह देश के लिए सभी फॉर्मेट में मिलाकर 8000 या 8000 से अधिक रनों की साझेदारी करने वाले तीसरे जोड़ीदार बन गए हैं. उनसे पहले यह विशेष उपलब्धि केवल सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली एवं सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी के नाम दर्ज थी.
तेंदुलकर और गांगुली की जोड़ी ने 12400 रनों की पार्टनरशिप की थी. वहीं तेंदुलकर और द्रविड़ के बीच 11037 रनों की साझेदारी हुई थी. वहीं इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 60 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए रोहित-कोहली की जोड़ी ने भी 8000 से अधिक रनों की साझेदारी करने की विशेष उपलब्धि हासिल कर ली है. इस लिस्ट में सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ की जोड़ी चौथे स्थान पर है, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में कुल 7,626 रन जुटाए हैं, जबकि वीरेंद्र सहवाग ने गौतम गंभीर के साथ 7,199 रन जुटाए हैं.
भारत की तरफ से सभी फॉर्मेट में सबसे ज्यादा पार्टनरशिप करने वाली जोड़ी
- 12400 रन - सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली
- 11037 रन - सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़
- 8027 रन - रोहित शर्मा और विराट कोहली
- 7626 रन - सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़
- 7199 रन - विरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर
गुरुवार को कार्डिफ में खेले जा रहे मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. भारतीय टीम एक बदलाव के साथ उतरी है. केएल राहुल बीमारी की वजह से यह मैच नहीं खेल रहे हैं, उनके स्थान पर ईशान किशन को विकेटकीपिंग का जिम्मा सौंपा गया है. दूसरी तरफ, इंग्लैंड की टीम दो बदलावों के साथ उतरी है. साकिब महमूद और गस एटकिंसन को जोश टंग और लियाम डॉसन की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल (31) और रोहित शर्मा ने संभली हुई शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 7.4 ओवरों में 44 रन की साझेदारी की. इसके बाद रोहित ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 गेंदों में 60 रन जुटाकर 17.5 ओवरों में स्कोर 104/2 तक पहुंचाया. रोहित 47 गेंदों में 2 बाउंड्री के साथ 26 रन बनाकर आउट हुए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं