नामीबिया ने शुक्रवार को अपने क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए विंडहोक में ट्राई सीरीज के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 18 रनों से हरा दिया है. नामीबिया ने 10 महीने पहले भी प्रोटियाज के खिलाफ जीत दर्ज की थी. तब उन्होंने आखिरी गेंद पर बाजी मारी थी. हालांकि, उस दौरान अफ्रीकी बी टीम खेल रही थी, लेकिन जारी ट्राई सीरीज के लिए कई सीनियर खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं. हालांकि, वो अफ्रीकी टीम को जीत नहीं दिला पाए. जान फ्रिलिंक के 60 रन के बाद रूबेन ट्रम्पेलमैन व जेजे स्मिट की गेंदबाजी के दम पर नामीबिया ने यह मुकाबला अपने नाम किया है. डेवाल्ड ब्रेविस के 75 रनों ने दक्षिण अफ़्रीका को मैच के आखिरी पलों तक मुकाबले में बनाए रखा था.
टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया, जिसके बाद मेज़बान टीम के ओपनर्स जान फ्रिलिंक और लॉरेन स्टीनकैंप ने शानदार शुरुआत की. दोनों ने 84 रनों की साझेदारी की और दक्षिण अफ़्रीकी गेंदबाज़ों पर दबाव बना दिया. फ्रिलिंक ने 38 गेंदों में 60 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि स्टीनकैंप ने 29 गेंदों में 41 रन बनाकर नामीबिया को मज़बूत आधार दिया.
कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन और ऑफ़-स्पिनर प्रेनेलन सुब्रायेन की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका ने बीच के ओवरों में ज़बरदस्त वापसी की. फोर्टुइन ने स्टीनकैंप और विपक्षी कप्तान गेरहार्ड इरास्मस को आउट किया और 2/17 के किफायती आंकड़े के साथ स्पेल खत्म किया, जबकि सुब्रायेन ने 3/32 विकेट लिए, जिससे नामीबिया की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने सिर्फ़ 17 रनों के अंदर पांच विकेट गंवा दिए.
डेब्यू कर रहे तेज़ गेंदबाज़ डुआन जेनसेन ने भी 2/32 के आंकड़े से प्रभावित किया. नामीबिया के लिए आखिरी में रूबेन ट्रम्पेलमैन (6 गेंदों पर 12 रन) और अलेक्जेंडर वोल्शेंक (13*) ने कौमियो किया, जिससे टीम ने वापसी की. नामीबिया ने 20 ओवर में 163/9 स्कोर बनाया.
इसके जवाब में नामीबिया की अनुशासित गेंदबाजी और नियमित अंतराल पर गिरते विकटों के चलते दक्षिण अफ्रीका वापसी नहीं कर पाई. रुबेन ट्रम्पेलमैन ने लहुआन-ड्रे प्रीटोरियस को 9 रन पर आउट करके नामीबिया को शानदार शुरुआत दी. वहीं जैक ब्रासेल ने जॉर्डन हरमन को आउट किया. इसके बाद मैक्स हींगो ने साउथ अफ्रीका के नंबर 3 बैटर टोनी डी ज़ोरज़ी को आउट किया, जिससे मेहमान टीम का स्कोर इनिंग्स के पहले हाफ में 39/3 हो गया.
डेवाल्ड ब्रेविस ने 50 गेंदों पर 75 रन बनाकर साउथ अफ्रीका की उम्मीदें बनाए रखीं, और काउंटर-अटैक करते हुए कई बाउंड्री लगाकर टारगेट को अपनी पहुंच में रखा. जेनसन ने निचले क्रम में 25 रन जोड़े, लेकिन नामीबिया के बॉलर्स ने आखिरी ओवरों में हिम्मत बनाए रखी, जिससे साउथ अफ्रीका को आखिरी ओवरों में ज़रूरी बढ़त नहीं मिल पाई, और मेहमान टीम 20 ओवरों में 145/9 रन बना पाई.
जहां ट्रम्पेलमैन ने 3/24 के आंकड़े हासिल किए, वहीं जेजे स्मिट ने भी तीन विकेट लिए, 33 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि बाकी बॉलिंग अटैक ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए मेजबान टीम को यादगार जीत दिलाई. इस जीत से नामीबिया को ट्राई-सीरीज़ की शानदार शुरुआत मिली है, जिसमें ज़िम्बाब्वे भी शामिल है, जबकि साउथ अफ्रीका शनिवार को ज़िम्बाब्वे के खिलाफ अपने अगले मैच में वापसी करना चाहेगा.
यह भी पढ़ें: 'बिल्कुल बेतुका' अनाया बांगड़ को ऑस्ट्रेलिया में मिली खेलने की परमिशन तो भड़की दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान 110 पर ऑल-आउट: जोफ्रा आर्चर, ओली रॉबिनसन ने बरपाया कहर, 9 बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं