यह ख़बर 12 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

फोर्ब्स की सबसे अमीर खिलाड़ियों की सूची में महेंद्र सिंह धोनी

न्यूयॉर्क:

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी फोर्ब्स की सबसे अमीर 100 खिलाड़ियों की सूची में अकेले भारतीय हैं।

सूची में अमेरिकी मुक्केबाज फ्लायड मेवेदर शीर्ष पर हैं जबकि इसमें गोल्फर टाइगर वुड्स और टेनिस स्टार रोजर फेडरर तथा रफेल नडाल भी हैं।

धोनी की कुल कमाई तीन करोड़ डॉलर और विज्ञापनों से कमाई दो करोड़ 60 लाख डॉलर है। वह सूची में 22वें स्थान पर हैं। फोर्ब्स ने कहा कि वेतन और विज्ञापनों की कमाई के दम पर धोनी की जून 2014 में आय 40 लाख डॉलर रही।
 
फोर्ब्स ने कहा, धोनी भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक हैं। वह आईसीसी के तीनों खिताब जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान हैं। धोनी ने 2013 के आखिर में बल्ले के लिए प्रायोजन करार स्पार्टन स्पोर्ट्स और एमिटी यूनिवर्सिटी से किया, जो करीब 40 लाख डॉलर का था। इससे पहले रीबॉक के साथ उनके करार से यह दस लाख डॉलर अधिक था।

उनकी कमाई में जून 2013 से जून 2014 तक वेतन, बोनस, इनामी राशि, अपीयरेंस फीस, विज्ञापन से कमाई शामिल है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मेवेदर ने पिछले एक साल में दस करोड़ 50 लाख डॉलर की कमाई की। इससे वह तीन साल में दूसरी बार दुनिया के सबसे अमीर खिलाड़ी हो गए। रीयाल मैड्रिड के स्टार फुटबालर क्रिस्टियानो रोनाल्डो समेत 15 फुटबॉलर शीर्ष 100 में हैं। रोनाल्डो की कुल कमाई आठ करोड़ डॉलर रही और वह दूसरे स्थान पर हैं। अमेरिकी बास्केटबाल खिलाड़ी लेब्रोन जेम्स तीसरे और अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी चौथे स्थान पर हैं। वुड्स छठे स्थान पर हैं। फेडरर सातवें और नडाल नौवें स्थान पर हैं।