भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को लेकर अपनी बात रखी है. बता दें कि भारतीय टीम में 4 साल बाद वापसी करने वाले भुवी ने 2 मैच में 99 रन खर्च किए हैं और केवल एक विकेट ही ले पाएं हैं जिससे उनकी वापसी साधारण बन गई है. ऐसे में मॉर्केल ने भुवी को संयम बनाकर अपना काम करते रहने की सलाह दी है. चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले 36 वर्षीय भुवनेश्वर से मोर्केल ने कहा कि "उन्हें किसी चीज के पीछे भागने की जरूरत नहीं है, बस वे जैसे हैं, वैसे ही रहें".
उन्होंने यह भी कहा कि भुवनेश्वर को टीम में फिर से जमने के लिए कुछ मैचों का समय दिया जाना चाहिए. 36 वर्षीय भुवनेश्वर, जिन्होंने 2025 और 2026 के आईपीएल सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की लगातार खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी, न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम में लौटे, जिससे कई भारतीय प्रशंसक खुश हुए. हालांकि, पहले दो T20I मैचों में 0/49 और 1/50 के आंकड़ों के साथ, 'स्विंग किंग' उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं. जबकि IPL 2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था और 16 मैचों में 28 विकेट लेकर संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे.
मार्केल ने भुवी को लेकर कहा, "उनके पास हुनर और अनुभव, सब कुछ है. लेकिन आखिरकार, आपको क्रिकेट के खेल का सम्मान करना होता है. आपको उन्हें कुछ मैचों में खुद को ढालने और जमने का मौका देना होगा. जब से वह टीम से जुड़े हैं, मेरा संदेश यही रहा है. किसी चीज के पीछे भागने की जरूरत नहीं है, बस आप जैसे हैं, वैसे ही रहें."
उन्होंने आगे कहा, "हा, लोगों की उम्मीदें तो होंगी ही, लेकिन आप बस हर मैच के साथ बेहतर होते जाएंगे और अपनी लय पा लेंगे. इसलिए, बाहर की बातों पर ध्यान न दें. बस खुद पर ध्यान दें और अपने खेल से जुड़े रहें."
इसके साथ-साथ दूसरे टी-20 में में मयंक यादव की जगह प्रिंस यादव को खिलाने के बारे में गेंदबाजी कोच ने कहा, "यह पूरी तरह से एक रणनीतिक बदलाव था, जिसकी हमें उस मैदान पर जरूरत महसूस हुई. यह कोई छिपी बात नहीं है कि प्रिंस डेथ ओवरों में बहुत अच्छी यॉर्कर डालते हैं. हमें लगा कि अगर हमें दूसरी पारी में गेंदबाजी करनी पड़े और गेंद गीली हो, साथ ही मैदान के आकार को देखते हुए, तो हमें ऐसा गेंदबाज़ चाहिए जो सटीक यॉर्कर डालने में माहिर हो. "
यह भी पढ़ें | भारत-न्यूजीलैंड तीसरा टी-20, फ्री में कैसे देखें Live मुकाबला
यह भी पढ़ें | नीरज के हरियाणा से निकला एक और जैवलिन थ्रोअर, वरुण भाम्बू का कमाल, 71.20 m भाला फेंक तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें | रोहित-गिल ओपनर, नंबर 3 कोहली, जो रूट नंबर 4, चेतेश्वर पुजारा ने चुनी मौजूदा दौर की सर्वश्रेष्ठ ODI XI
यह भी पढ़ें | वैभव-अभिषेक ओपनर, नंबर 3 संजू, भुवनेश्वर कुमार OUT, तीसरे टी-20 में ऐसी हो सकती है भारतीय प्लेइंग 11
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं