विज्ञापन

‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की रिलीज पर FWICE की चेतावनी, नेटफ्लिक्स के शोज की शूटिंग रोकने का ऐलान

नेटफ्लिक्स पर 4 दिसंबर को रिलीज होने जा रही पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है.

‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की रिलीज पर FWICE की चेतावनी, नेटफ्लिक्स के शोज की शूटिंग रोकने का ऐलान
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की रिलीज पर FWICE की चेतावनी
NDTV

नेटफ्लिक्स पर 4 दिसंबर को रिलीज होने जा रही पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. फवाद खान, माहिरा खान और हानिया आमिर जैसे पाकिस्तानी कलाकारों की शिरकत से बनी  इस सीरीज का भारत में विरोध हो रहा है. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने चेतावनी दी है कि अगर नेटफ्लिक्स इस सीरीज को भारत में स्ट्रीम करता है तो उसके लिए बनने वाले सभी शोज की शूटिंग रोक दी जाएगी. फेडरेशन से जुड़े लाखों कर्मचारी और तकनीशियन नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स में काम नहीं करेंगे.

फैसले पर विचार करे नेटफ्लिक्स

एफडब्ल्यूआईसीई (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने बताया कि संगठन ने इस मामले में नेटफ्लिक्स को पत्र लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया है. हालांकि, अभी तक प्लेटफॉर्म की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है. तिवारी को उम्मीद है कि 4 दिसंबर से पहले नेटफ्लिक्स अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा. उन्होंने कहा, “अगर 4 तारीख को यह सीरीज रिलीज होती है तो 5 दिसंबर से नेटफ्लिक्स के जितने भी कार्यक्रम शुरू होने वाले हैं, उन सभी की शूटिंग बंद कर दी जाएगी. हमारे लोग सेट से वापस हो जाएंगे. हम उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन जारी कर देंगे.”

बीएन तिवारी ने पाकिस्तानी कलाकारों को भारत में मिली लोकप्रियता और उनके कथित भारत विरोधी बयानों पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने फवाद खान और हानिया आमिर का नाम लेते हुए कहा कि भारत में पहचान और लोकप्रियता मिलने के बाद इन कलाकारों ने भारतीय सैनिकों के खिलाफ बयान दिए. तिवारी ने कहा, “हमारे लोगों ने अपने पैसे इकट्ठा करके उन्हें स्टार बनाया, दुनिया भर में चमकाया और उन्होंने हमारे खिलाफ बोलना शुरू कर दिया.”

तिवारी का कहना है कि पाकिस्तानी कलाकारों और वहां के मनोरंजन उद्योग को भारत में मंच मिलने से आर्थिक फायदा पहुंचता है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह से मिलने वाली कमाई का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने में हो सकता है. उन्होंने कहा कि भारत में पाकिस्तानी शो किसी भी कीमत पर नहीं दिखाए जाने चाहिए. उनके मुताबिक, अगर नेटफ्लिक्स को इसके लिए भारत में अपने शो बंद भी करने पड़ें तो उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी.

अशोक पंडित बोले- सरकार ने भी नेटफ्लिक्स को शो स्ट्रीम न करने के लिए कहा है

एफडब्ल्यूआईसीई (FWICE) के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने संगठन के फैसले को दोहराते हुए कहा कि नेटफ्लिक्स के लिए भारत में बनने वाले किसी भी शो की शूटिंग में फेडरेशन के सदस्य हिस्सा नहीं लेंगे. उन्होंने बताया कि फेडरेशन की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया है. पंडित के मुताबिक, इसका असर नेटफ्लिक्स के सभी भारतीय प्रोडक्शन पर पड़ेगा, क्योंकि अलग-अलग क्राफ्ट के कर्मचारी और तकनीशियन सेट पर काम करने नहीं जाएंगे.

अशोक पंडित ने यह भी दावा किया कि भारत सरकार ने नेटफ्लिक्स को इस सीरीज को स्ट्रीम नहीं करने के लिए कहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार के रुख को देखते हुए प्लेटफॉर्म इसे रिलीज नहीं करेगा. पंडित ने कहा, “हम अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल करेंगे और एक उदाहरण पेश करेंगे कि कोई भी इस देश को हल्के में नहीं ले सकता, क्योंकि हमारा मानना है कि देश सबसे पहले आता है.”

पाकिस्तानी कलाकारों पर रोक

अशोक पंडित ने इस विरोध को सिर्फ नेटफ्लिक्स की एक सीरीज तक सीमित रखने के बजाय पाकिस्तानी कलाकारों को भारत में मिलने वाले सभी मंचों पर रोक लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि थिएटर, सिनेमा, विज्ञापन, परफॉर्मेंस और स्टेज शो समेत किसी भी माध्यम पर पाकिस्तानी कलाकारों को समर्थन नहीं मिलना चाहिए.

उन्होंने कहा, “किसी भी तरह का समर्थन किसी भी प्लेटफॉर्म पर नहीं होना चाहिए. चाहे वह थिएटर हो, सिनेमा हो, विज्ञापन हो, परफॉर्मेंस हो या स्टेज शो. किसी भी प्लेटफॉर्म या किसी भी जॉनर में इन्हें समर्थन नहीं मिलना चाहिए.”

फिलहाल नेटफ्लिक्स की ओर से एफडब्ल्यूआईसीई (FWICE) के पत्र और विरोध पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. 4 दिसंबर को सीरीज की प्रस्तावित रिलीज से पहले अब देखना होगा कि प्लेटफॉर्म अपने फैसले में कोई बदलाव करता है या नहीं.

यह भी पढ़ें | पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स सीरीज का ट्रेलर रिलीज, यूट्यूब पर कर रहा ट्रेंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jo Bache Hain Sang Samait Lo, Jo Bache Hain Sang Samait Lo Controversy, Jo Bache Hain Sang Samait Lo Release Date Netflix, Jo Bache Hain Sang Samait Lo Release Date Netflix India, Jo Bache Hain Sang Samait Lo Trailer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com