विज्ञापन

'धोनी को अब राहत मिलेगी...', माही के फैसले पर इंग्लैंड के दिग्गज का बड़ा रिएक्शन

एमएस धोनी के मेंटॉर बनने के बाद मोंटी पनेसर, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, शिखर धवन और ड्वेन ब्रावो समेत कई दिग्गजों ने उन्हें शुभकामनाएं और सम्मान दिया है.

'धोनी को अब राहत मिलेगी...', माही के फैसले पर इंग्लैंड के दिग्गज का बड़ा रिएक्शन
MS Dhoni
IANS

आईपीएल से खिलाड़ी के रूप में विदाई लेने के बाद एमएस धोनी को क्रिकेट जगत से लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं. इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर का मानना है कि CSK को मेंटॉर के रूप में भी धोनी के अनुभव का पूरा फायदा मिलेगा. महेंद्र सिंह धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास की घोषणा के बाद पूरे क्रिकेट जगत से उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं मिल रही हैं. इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर का मानना है कि माही के मेंटॉर बनने से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को उनके बेशकीमती अनुभव का फायदा मिलेगा.

धोनी ने अपने IPL करियर में कुल 278 मैच खेले और 5,439 रन बनाए. इसके अलावा उन्होंने अपनी कप्तानी में CSK को पांच बार चैंपियन बनाया. वह 2027 सीजन से टीम के मेंटॉर के रूप में फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहेंगे.

पनेसर ने बताया क्यों सफल हो सकते हैं धोनी

मोंटी पनेसर ने 'आईएएनएस' से कहा, 'एमएस धोनी ने संन्यास की घोषणा कर दी है और अब वे चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटॉर बनने जा रहे हैं, जो कि वाकई बहुत अच्छी खबर है. कप्तान से मेंटॉर बनने के इस बदलाव से उन्हें आईपीएल मुकाबलों के दौरान खेल को समझने और दबाव में शांत रहने का जो बेशकीमती अनुभव है, उसका फायदा टीम को मिलेगा. इसके अलावा कुछ फंड भी खाली हो जाएगा, जिसका इस्तेमाल वे किसी युवा और असरदार खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के लिए कर सकते हैं. साथ ही धोनी को अब शारीरिक रूप से भी राहत मिलेगी. पिछले साल उनके घुटने और पिंडली में काफी तकलीफ थी. अब उनके पास अपना समय बचाने का मौका है और वे अपने अनुभव का इस्तेमाल चेन्नई सुपर किंग्स को सफल बनाने में कर सकते हैं.'

मेंटॉर के रूप में भी होगी बड़ी चुनौती

पनेसर ने कहा, 'पिछले तीन साल से टीम लगातार प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है. इसलिए अब असली चुनौती यह है कि क्या वे चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटॉर के रूप में भी उतनी ही सफलता हासिल कर पाएंगे, जितनी उन्होंने एक IPL कप्तान के तौर पर पाई थी.'

युजवेंद्र चहल ने जताया आभार

भारत के पूर्व लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को संवारने में अहम भूमिका निभाने के लिए धोनी को धन्यवाद दिया. यह याद करते हुए कि धोनी ने ही उन्हें भारत के लिए डेब्यू कैप दी थी, चहल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आपने मुझे भारत के लिए मेरी डेब्यू कैप दी थी, एक ऐसा पल जिसे मैं जीवनभर संजोकर रखूंगा. आपके मार्गदर्शन, मेंटॉरशिप और अटूट विश्वास ने मेरे सफर को आकार देने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है. धन्यवाद, माही भाई. आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी. आपकी यह भूमिका आपके लिए कोई नई बात नहीं है, बस CSK के साथ एक नया अध्याय है. आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं.'

दीपक चाहर ने लिखा भावुक संदेश

CSK के पूर्व खिलाड़ी दीपक चाहर ने भी धोनी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'बहुत-बहुत धन्यवाद, माही भाई. आपने हम सभी को, क्रिकेट फैंस और आपके फैंस के रूप में, जो प्रेरणा, मनोरंजन और मार्गदर्शन दिया है, उसके लिए शुक्रिया.' उन्होंने आगे लिखा, 'अब आपको खेलते हुए न देख पाना मुश्किल होगा, लेकिन हम सभी जानते हैं कि आपने इस खेल के लिए अपना सब कुछ दे दिया. मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मैं उस सफर का हिस्सा रहा और आपको करीब से लोगों का मनोरंजन करते हुए देखा.'

जडेजा बोले- 8 का 7 के लिए हमेशा सम्मान रहेगा

CSK के पूर्व साथी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने IPL 2023 में चेन्नई की जीत के बाद धोनी को गोद में उठाए हुए अपनी एक तस्वीर साझा की. जडेजा ने कैप्शन में लिखा, '8 का 7 के लिए हमेशा सम्मान रहेगा.' धवन, इरफान और आकाश चोपड़ा ने भी दी शुभकामनाएं. भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि धोनी का अनुभव और ज्ञान युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करता रहेगा.

वहीं आकाश चोपड़ा ने उनके संन्यास को एक युग का अंत बताया. चोपड़ा ने 'एक्स' पर लिखा, "एक युग का अंत. माही, आपके बिना IPL पहले जैसा नहीं रहेगा." भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने लिखा, "क्या शानदार सफर रहा है, महेंद्र सिंह धोनी भाई. आपकी कप्तानी, शांत स्वभाव और खेल पर आपके प्रभाव ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है."

ड्वेन ब्रावो ने कहा- आपकी विरासत हमेशा कायम रहेगी

CSK के पूर्व साथी खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो ने फ्रेंचाइजी की जर्सी में धोनी की तस्वीरें साझा कीं और लिखा, "धन्यवाद कप्तान! महेंद्र सिंह धोनी, आपकी विरासत हमेशा कायम रहेगी. जल्द मिलते हैं, मेरे भाई."

यह भी पढ़ें-  MS धोनी की विदाई पर वैभव सूर्यवंशी का खास पोस्ट, तस्वीर शेयर कर यूं जताया सम्मान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chennai Super Kings, IPL 2027, Mahendra Singh Dhoni, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com