जैसे-जैसे आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख सामने आ रही है, वैसे-वैसे फैंस की धड़कनें बढ़ रही हैं. नीलामी से पहले हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह के ट्रेड ने ऑक्शन को लेकर और उत्सुक्ता बढ़ा दी है. पिछले एक महीने से हार्दिक पांड्या का ट्रेड चर्चा का विषय था, जिस पर बुधवार को अधिकारिक मुहर लगी. पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस से हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल कर लिया, जबकि अर्शदीप सिंह पंजाब किंग्स से मुंबई इंडियंस चले गए. पांड्या तीन सीजन तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे. इनमें से दो सीजन (2024 और 2026) में, पांच बार की चैंपियन यह टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रही. इससे पहले, 2015 से 2021 तक पांड्या मुंबई इंडियंस के लिए खेले थे, जिसके बाद वे गुजरात टाइटंस चले गए थे. उस दौरान उनकी कप्तानी में टीम एक बार चैंपियन बनी और एक बार उपविजेता रही. मुंबई इंडियंस के साथ उनका यह दूसरा कार्यकाल काफी निराशाजनक रहा.
वहीं पूर्व भारतीय स्टार मोहम्मद कैफ का मानना है कि गुजरात टाइटंस छोड़ने का हार्दिक का "भावनात्मक फैसला" एक "बड़ी गलती" थी. अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा,"गुजरात को छोड़ना हार्दिक की एक बड़ी गलती थी. मुझे लगता है कि यह एक भावनात्मक फैसला था.मुंबई इंडियंस के साथ उनका पुराना जुड़ाव था, शायद इसी वजह से वह वहां वापस चले गए."
कैफ ने आगे कहा,"ऐसा फैसला लेना हमेशा मुश्किल होता है. आपने गुजरात को चैंपियन बनाया था और वहां आप एक तरह से 'राजा' थे. लेकिन उस फैसले से उन्हें नुकसान ही हुआ. उनके प्रदर्शन और कप्तानी, दोनों में गिरावट आई. उनके लिए यही बेहतर होगा कि वह मुंबई के साथ बिताए उस दौर को जल्द से जल्द भूल जाएं और आगे बढ़ें."
IPL जीतने वाले कप्तान रहे हार्दिक अब पंजाब किंग्स में टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलेंगे. कैफ का मानना है कि इससे उन्हें मदद मिलेगी. पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा,"कई खिलाड़ी कप्तान बनना चाहते हैं, लेकिन कप्तानी के दबाव में उनमें से बहुत से खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते. यह हर किसी के बस की बात नहीं है, और IPL में तो यह और भी मुश्किल हो जाता है. हार्दिक के लिए यह अच्छी बात है कि वह कप्तान नहीं हैं."
मोहम्मद कैफ ने आगे कहा,"पंजाब में उन्हें एक बल्लेबाज, गेंदबाज और फिनिशर के तौर पर अपनी फॉर्म वापस पाने पर ध्यान देना चाहिए. इसमें कोई शक नहीं कि वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं. इसलिए, यह अच्छी बात है कि वह कप्तान नहीं हैं. वह अपने खेल पर पूरा ध्यान दे सकते हैं. एक ऑलराउंडर होने के साथ-साथ कप्तान की जिम्मेदारी निभाना और भी ज्यादा मुश्किल काम है."
पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने भी कहा है कि एक खिलाड़ी के तौर पर हार्दिक अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता दिखा पाएंगे. वाडिया ने NDTV से कहा,"जैसा कि आपने आज हार्दिक की पोस्ट में देखा, यह बिल्कुल साफ है. 'श्रेयस मेरे कप्तान हैं, रिकी मेरे कोच हैं और पंजाब वह टीम है जिसके लिए मैं खेलता हूं.' हार्दिक को यह बात पता है और हमें भी पता है. वह अपने साथ बेहतरीन नेतृत्व क्षमता और अनुभव लेकर आए हैं, और वह इसी के जरिए टीम में योगदान देंगे. एक तरह से देखा जाए तो कप्तान न होना उनके लिए फायदेमंद ही हो सकता है."
नेस वाडिया ने आगे कहा,"इससे उनके कंधों से एक बड़ा बोझ हट जाएगा और वह पूरी तरह से अपने खेल पर ध्यान दे पाएंगे. मुझे लगता है कि वह हमारे लिए बहुत मददगार साबित होंगे. मैदान पर श्रेयस के लिए और मैदान के बाहर रिकी पोंटिंग के लिए. यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि हार्दिक ने अपने करियर की शुरुआत में रिकी के साथ काम किया था. वह रिकी का बहुत सम्मान करते हैं, उन्हें लगभग एक पिता तुल्य और मार्गदर्शक मानते हैं."
यह भी पढ़ें: Youth Olympics: अंबेकर मीतेई ने रचा इतिहास, युवा ओलंपिक में भारत को दिलाया मुक्केबाजी का पहला स्वर्ण पदक
यह भी पढ़ें: IND vs NZ 4th ODI: श्रेयस अय्यर पहली बार संभालेंगे कप्तानी, टीम में सिराज की एंट्री तय, भारत की नजर सीरीज जीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं