- छठ के लिए सेंट्रल रेलवे 5 स्पेशल ट्रेन चलाने का किया फैसला.
- मुंबई से दानापुर और गोरखपुर के लिए ट्रेन चलाई जाएगी.
- पुणे से दानापुर के लिए भी स्पेशल ट्रेन चलायी जाएगी.
छठ पूजा को लेकर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है. यूपी के पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए मध्य रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. इसके तहत महाराष्ट्र से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले प्रवासियों के लिए 5 स्पेशल ट्रेनों को चलाने की मंजूरी दी गई है. रेलवे के सक्षम प्राधिकारी द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों (TOD) के संचालन को मंजूरी दी गई है.
यह ट्रेनें मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और पुणे से दानापुर (पटना) और गोरखपुर के बीच संचालित होंगी, जिससे ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान हो रहे यात्रियों को विकल्प मिलेगा.
लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर के बीच 2 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
मुंबई से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए एलटीटी से दानापुर के बीच दो अलग-अलग तारीखों पर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही हैं.
ट्रेन नंबर 01023/01024
01023 LTT से दानापुर ट्रेन 9 नवंबर 2026 को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी. वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 01024 दानापुर से LTT 11 नवंबर 2026 को दानापुर से खुलेगी. इस ट्रेन में 9 स्लीपर (GSCN), 9 सामान्य (General) और 2 गार्ड वैन सहित कुल 20 कोच होंगे.
दूसरी जोड़ी ट्रेन नंबर 01025/01026
ट्रेन नंबर 01025 LTT से दानापुर 10 नवंबर 2026 को एलटीटी से रवाना होगी. वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 01026 दानापुर से LTT 12 नवंबर 2026 को दानापुर से खुलेगी. इस ट्रेन में कुल 20 आईसीएफ (ICF) कोच लगाए जाएंगे.
दोनों ट्रेनें ठाणे, कल्याण जंक्शन, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल जंक्शन, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU), बक्सर और आरा होते हुए दानापुर पहुंचेगी.
पुणे से दानापुर 1 राउंड ट्रिप और वन-वे स्पेशल ट्रेन
पुणे और आसपास के क्षेत्रों से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए भी स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. इसके तहत ट्रेन नंबर 01467/01468 पुणे-दानापुर ट्रेन चलायी जाएगी. ट्रेन नंबर 01467 पुणे से दानापुर 9 नवंबर 2026 को पुणे से रवाना होगी. जबकि ट्रेन नंबर 01468 दानापुर से पुणे के लिए 11 नवंबर 2026 को दानापुर से वापसी करेगी. इस ट्रेन में 8 स्लीपर, 11 सामान्य और 2 गार्ड वैन सहित कुल 21 कोच होंगे.
ट्रेन नंबर 01469 पुणे-दानापुर वन-वे स्पेशल
01469 पुणे-दानापुर वन-वे स्पेशल ट्रेन 10 नवंबर 2026 को केवल एक दिशा में पुणे से दानापुर के लिए रवाना होगी. यह ट्रेन दानापुर से वापस पुणे नहीं आएगी. इस ट्रेन में कुल 22 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए जाएंगे.
यह सभी ट्रेन पुणे से खुलकर दौंड चोर्ड लाइन, अहिल्यानगर, बेलापुर, कोपरगांव, अंकाई, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU), बक्सर और आरा के रास्ते दानापुर पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 01027/01028 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल
पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) जाने वाले यात्रियों के लिए मुंबई से गोरखपुर के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है. इसके तहत ट्रेन नंबर 01027 LTT से गोरखपुर के लिए 10 नवंबर 2026 को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करेगी. जबकि 01028 गोरखपुर से LTT के लिए 12 नवंबर 2026 को गोरखपुर से वापसी के लिए चलेगी. इस ट्रेन में कुल 20 एलएचबी (LHB) कोच शामिल होंगे.
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, मानकापुर, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी.
मध्य रेलवे प्रशासन ने संबंधित मंडलों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्टेशनों पर अनाउंसमेंट (PA System), नोटिस बोर्ड और मीडिया के माध्यम से इन ट्रेनों की जानकारी यात्रियों तक समय पर पहुंचाई जाए.
यह भी पढ़ें | दिल्ली से पटना एक और वंदे भारत स्पेशल ट्रेन, 11 नवंबर को चलाने की योजना, अलीगढ़-कानपुर-प्रयागराज होकर जाएगी
यह भी पढ़ें | छठ के लिए आनंद विहार से भागलपुर जनरल स्पेशल ट्रेन, अलीगढ़-कानपुर से आरा-बक्सर-किऊल तक 20 स्टॉपेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं