गुजरात के सूरत के लसकाणा इलाके में 30 वर्षीय युवक अमरबाबू निषाद की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी रीनादेवी और सगे छोटे भाई शिवा उर्फ शिवबाबू ने मिलकर की थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के रहने वाले अमरबाबू का शव 10 नवंबर को लसकाणा में डीजीवीसीएल बीआरटीएस बस स्टैंड के सामने सर्विस रोड पर मिला था. जांच में सामने आया कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी.
एक साल से चल रहा था प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी रीनादेवी (29) और छोटे भाई शिवबाबू (27) के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध थे. अमरबाबू को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर पत्नी के साथ मारपीट और झगड़ा करता था. इसी के चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची थी. दोनों करीब डेढ़ महीने से हत्या की योजना बना रहे थे.

Photo Credit: NDTV
200 रुपये का ऑटो और रस्सी का फंदा
वारदात वाली रात अमरबाबू शराब के नशे में घर से बाहर निकला था. उसे तलाशने पहुंचे शिवबाबू ने 200 रुपये देकर एक ऑटो रिक्शा किराये पर लिया और नशे में धुत भाई को सुनसान जगह पर ले गया. वहां खड़ी बस की आड़ में उसे लिटा दिया.
इसके बाद डिस्प्ले पर सामान लटकाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली रस्सी से फंदा बनाया और भाई का गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को जलाराम मंदिर से विपुलनगर की तरफ जाने वाले सर्विस रोड पर फेंककर घर लौट आया.
CCTV ने खोला राज
हत्या के बाद लसकाणा पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से जांच आगे बढ़ाई. परिवार के सदस्यों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पत्नी और छोटे भाई से पूछताछ की गई.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका कबूल कर ली. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं