Mumbai Indians vs Lucknow Super Giants: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में आधे से भी ज्यादा सफर के बाद सबसे ज्यादा पैसा पाने वाले ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की टीम फिलहाल सबसे फिसड्डी है. और आज मुंबई इंडियंस (MI vs LSG) के खिलाफ उसकी टक्कर एक तरह से इस बात के लिए ही है कि कौन सबसे फिसड्डी बनेगा, या बनने से बचेगा? बहरहाल, लखनऊ के चाहने वालों के लिए लखनऊ के लगभग डूब चुके जहाज के बीच सवाल है कि क्या लखनऊ सुपर जॉयंट्स यहां से प्ले-ऑफ राउंड का टिकट हासिल कर सकती है. अगर टीम पंत इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से वापसी करते हुए ऐसा करने में सफल रहती है तो किसी चमत्कार से कम नहीं ही होगा. फिलहाल जो हालात और उसके खिलाड़ियों की स्थिति है, उसे देखते हुए इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया जाए, तो गलत नहीं ही होगा क्योंकि वजह बहुत ही ठोस हैं.
सभी मैचों में जीत काफी नहीं
पहले से खुद को प्वाइंट्स टेबल में खासी मजबूत कर चुकीं पंजाब, बेंगलुरु, हैदराबाद, राजस्थान और गुजरात 12-12 प्वाइंट्स बटोरकर खुद को खासा मजबूत कर चुकी हैं. फिसड्डी यानी 10वें नंबर पर काबिज लखनऊ के फिलहाल 8 मैचों से 4 अंक हैं. और अगर टीम पंत यहां से बाकी बचे 6 मैच जीतकर अपने कुल प्वाइंट्स 16 भी कर कर लेती है, तो भी उसके प्ले-ऑफ राउंड में पहुंचने की कोई गारंटी नहीं है. इसके लिए उसे यह भी कामना करनी होगी कि टॉप 5 में शामिल टीमें भी एक-दूसरे को अगले मैचों में मात दें.
यहां से हर मैच नॉकआउट
LSG के यहां से कुल छह मैच बाकी बचे हैं. और उसके लिए ये सभी 6 मैच नॉकआउट हैं क्योंकि इन सभी मैचों में एक मुकाबले में भी हार उसके गणित को बहुत ज्यादा उलझा देगी. इस सूरत में लखनऊ के प्ले-ऑफ राउंड का टिकट शेष पांच मैच जीतने, दूसरी टीमों के परिणाम के साथ-साथ उसके नेट रन-रेट पर भी आकर टिक जाएगा. ऐसे में उसके बल्लेबाजों और गेंदबाजों सहित कप्तान ऋषभ पंत को भी यहां से खासा जोर लगाना होगा. इस टीम के सामने तस्वीर एकदम पूरी तरह साफ है. लखनऊ के पास खोने के लिए यहां से ज्यादा कुछ बचा नहीं है. ऐसे में देखना होगा कि लखनऊ की टीम मुंबई के खिलाफ किस एप्रोच के साथ मैदान पर उतरती है. और खिलाड़ियों की शारीरिक भाषा कैसी रहती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं