Jasprit Bumrah vs Lucknow super Giants: वानखेड़े में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच आईपीएल 2026 का 47वां मुकाबला खेला जाना है. मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के बाहर होने की कगार पर है. टीम का ना तो बल्लेबाज चल रहे हैं, ना ही गेंदबाज. दिग्गज खिलाड़ी औंधे मुंह गिरे हैं. दूसरी तरफ लखनऊ है, जिसका टॉप ऑर्डर को शुरुआत दे रहा है और गेंदबाज तो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन मिडिल ऑर्डर टीम की सबसे कमजोर कड़ी है. लखनऊ का भी मुंबई जैसा हाल है. ऐसे में आज दोनों टीमों की नजरें जीत के साथ प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने की होगी. वहीं इस मुकाबले में जिस खिलाड़ी पर सबकी नजरें होंगी, वो हैं जसप्रीत बुमराह, जो इस सीजन संघर्ष कर रहे हैं. हालांकि, लखनऊ के खिलाफ उनका रिकॉर्ड अच्छा है और उनकी कोशिश अकेले इस टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने की होगी.
मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत...सबका करेंगे शिकार!
बुमराह इस सीजन वैसे रंग में नहीं दिख रहे हैं. स्लोअर बॉल का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन जब गर्दन पर तलवार लटक रही है, तो दवाब में यह खिलाड़ी निखर कर सामने आना चाहेगा. बात अगर मिचेल मार्श के खिलाफ जसप्रीत बुमराह के रिकॉर्ड की करें तो सभी टी20 मैचों में उन्होंने 28 गेंदों में सिर्फ़ 28 रन दिए हैं. डन मार्करम के खिलाफ 29 गेंदों में 26 रन दिए हैं और इन दोनों को एक-एक बार आउट किया है. आकंड़े साफ बताते हैं कि मार्श और मार्करम बुमराह के खिलाफ हाथ नहीं खोल पाते हैं.
बुमराह ने ऋषभ पंत को भी खूब परेशान किया है. आईपीएल में उन्होंने पंत को सात बार आउट किया है, जबकि 46 गेंदों में सिर्फ़ 55 रन दिए हैं. वहीं, पूरन ने उनके खिलाफ T20 क्रिकेट में 22 गेंदों में सिर्फ़ 17 रन बनाए हैं और दो बार आउट हुए हैं. लखनऊ की बल्लेबाजी का जिम्मा इन चारों के कंधों पर है और बुमराह इन्हें परेशान जरूर करना चाहेंगे. लखनऊ के खिलाफ बुमराह के रिकॉर्ड की बात करें तो 4 मैचों में उन्होंने 5 विकेट लिए हैं. इकॉनमी 5.87 की. इस दौरान 16 ओवर में उन्होंने 94 रन खर्चे हैं.
बुमराह विकेट को तरसे
आईपीएल में 154 मैचों में 186 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह इस सीजन में ना सिर्फ विकेट को तरस गए हैं, बल्कि उनकी इकॉनमी भी अपने डेब्यू के बाद से सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं. इस सीजन उन्होंने 9 मैचों में 3 विकेट झटके हैं. इकॉनमी 8.61 की. जबकि बुमराह का करियर इकॉनमी 7.32 की है. ऐसा कोई भी सीजन जब बुमराह ने कम से कम 8 मैच खेले हो, उनका इकॉनमी कभी भी 8 तक नहीं गया है. साल 2014 बुमराह का खराब साल था, उस सीजन उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 5 विकेट मिले थे, लेकिन तब भी उनकी इकॉनमी 7.58 की रही थी.
यह भी पढ़ें: राजस्थान रॉयल्स को खरीदने वाले आदित्य मित्तल कौन हैं? 1.65 अरब अमेरिकी डॉलर में हुई डील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं