Shardul Thakur is removed: अब जब अगले कुछ महीनों में देश के सबसे बड़े प्रीमियम घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्ऱॉफी की सीजन शुरू हो रहा है, तो मुंबई ने अपना नया कप्तान चुना है. यह लगातार दूसरा सीजन होगा, जब मुंबई सीजन में नए कप्तान के साथ मैदान पर उतरेगी. इस फैसले के तहत अनुभवी बल्लेबाज सिद्धेश लाड 42 बार की रणजी ट्रॉफी चैंपियन मुंबई की कप्तानी करेंगे. सिद्धेश लाड को टीम इंडिया के ऑलराउंडर और पिछले सीजन में कप्तानी करने वाले शार्दूल ठाकुर की जगह कप्तान बनाया गया है. शादूल ने पिछले सीजन के सभी फॉर्मेटों में टीम की कप्तानी की थी. इस बदलाव की पुष्टि करते हुए मुंबई की सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष राजेश पवार ने कहा कि यह फैसला नेतृत्व में निरंतरता और वर्कलोड मैनेजमेंट दोनों को ध्यान में रखकर लिया गया है.
चीफ सेलेक्टर ने बताई फैसले की वजह
पवार ने बताया, 'हां यह सही है, हमने 2026-27 रणजी ट्रॉफी सत्र के लिए सिद्धेश को अपना कप्तान नियुक्त करने का फैसला किया है. उन्होंने पिछले सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया था और वह अनुभवी हैं. शार्दुल हमारे मैच-विजेता खिलाड़ी हैं. उन पर पहले से ही काफी वर्कलोड है क्योंकि उनसे काफी ओवर गेंदबाजी करने, विकेट लेने और बल्ले से भी योगदान देने की उम्मीद की जाती है. हम उन पर कप्तानी की जिम्मेदारी का अतिरिक्त बोझ नहीं डालना चाहते.
इसके अलावा हमें उनके वर्कलोड को संभालना होगा. रणजी ट्रॉफी में 10 मैच हैं और हो सकता है कि उन्हें किसी मैच में आराम देना पड़े.' पवार ने कहा, 'इस फैसले को अंतिम रूप देने से पहले दोनों खिलाड़ियों से सलाह ली गई थी. हमने इस बारे में सिद्धेश और शार्दुल दोनों से बात की है और दोनों ही इसे लेकर सकारात्मक हैं. चूंकि सत्र की शुरुआत अक्टूबर में चार रणजी ट्रॉफी मैचों के साथ हो रही है, इसलिए हम कप्तानी को लेकर पहले से ही स्पष्टता चाहते थे.'
मिला प्रदर्शन का इनाम
यह नियुक्ति लाड को 2025-26 रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए बल्ले से किए गए उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम है. 34 वर्षीय इस बल्लेबाज ने आठ मैचों में 77.40 के प्रभावशाली औसत से 774 रन बनाए. इसमें पांच शतक शामिल थे और वह टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. अपने सफल प्रथम श्रेणी करियर में लाड ने 82 मैचों में 44.27 की औसत से 5,623 रन बनाए हैं, जिसमें 15 शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं.
11 अक्तूबर से अभियान की शुरुआत
मुंबई अपने रणजी ट्रॉफी सत्र की शुरुआत 11 से 14 अक्टूबर तक वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ करेगी. उन्हें चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, रेलवे, तमिलनाडु और उत्तराखंड के साथ एलीट ग्रुप डी में रखा गया है. मुंबई ने आखिरी बार अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में 2023-2024 में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं