इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का 45वां मुकाबला आज (तीन मई) सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स (SRH vs KKR) के बीच हैदराबाद में खेला जा रहा है. जहां केकेआर की प्लेइंग इलेवन में मनीष पांडे (Manish Pandey) की वापसी हुई है. बेड़े में शामिल करते ही पांडे ने एक विशेष उपलब्धि भी हासिल कर ली है. वह आईपीएल के प्रत्येक सीजन में कम से कम एक मैच खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले यह विशेष उपलब्धि केवल विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम दर्ज थी. मगर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आज के मुकाबले में शामिल किए जाने के बाद मनीष पांडे भी विशेष क्लब में शामिल हो गए हैं.
आईपीएल में छह टीमों की तरफ से खेल चुके हैं मनीष पांडे
मनीष पांडे आईपीएल के पहले सीजन से शिरकत कर रहे हैं. पहले सीजन में 36 वर्षीय बल्लेबाज पर मुंबई इंडियंस ने बोली लगाई थी. उसके वह कई और टीमों की तरफ से भी जलवा बिखरने में कामयाब रहे. जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पुणे वॉरियर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स का नाम शामिल है. मौजूदा समय में वह कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा हैं.
मनीष पांडे का आईपीएल करियर
मनीष पांडे ने खबर लिखे जाने तक आईपीएल में कुल 174 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 162 पारियों में 29.42 की औसत से 3942 रन निकले हैं. आईपीएल में उनके नाम एक शतक और 22 अर्धशतक दर्ज है. 114 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च पारी है.
भारत के लिए भी खेल चुके हैं मनीष
मनीष पांडे भारत की तरफ से भी शिरकत कर चुके हैं. देश के लिए उन्होंने खबर लिखे जाने तक कुल 29 वनडे और 39 टी20 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से वनडे की 24 पारियों में 33.29 की औसत से 566 और टी20 की 33 पारियों में 44.31 की औसत से 709 रन निकले हैं. मौजूदा समय में वह भारतीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- Exclusive: सोमानी ग्रुप राजस्थान रॉयल्स डील से क्यों हटी पीछे? मुख्य वजह आई सामने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं