विज्ञापन

2027 विश्व कप से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट में आया भूचाल, हशमतुल्लाह शाहिदी ने छोड़ी वनडे कप्तानी

Hashmatullah Shahidi Steps Down as ODI Captain: हशमतुल्लाह शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को तीन, जिम्बाब्वे को दो और साउथ अफ्रीका-जिम्बाब्वे को एक-एक बार द्विपक्षीय सीरीज के दौरान हराया.

2027 विश्व कप से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट में आया भूचाल, हशमतुल्लाह शाहिदी ने छोड़ी वनडे कप्तानी
Hashmatullah Shahidi

Hashmatullah Shahidi Steps Down as ODI Captain: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के लिए बड़ा झटका सामने आया है. अनुभवी बल्लेबाज हशमतुल्लाह शाहिदी ने वनडे टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इसकी जानकारी दी. शाहिदी साल 2022 से अफगानिस्तान की वनडे टीम की कमान संभाल रहे थे और हाल ही में भारत के खिलाफ उन्होंने आखिरी बार टीम की कप्तानी की थी. अपने बयान में शाहिदी ने कहा कि कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात रही. उन्होंने लिखा कि इस दौरान टीम ने एकजुट होकर मेहनत की और कई यादगार जीत दर्ज कीं.

शाहिदी ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, टीम मैनेजमेंट और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का भरोसा जताने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने यह भी कहा कि टीम की उपलब्धियां किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरे समूह की मेहनत और समर्पण का परिणाम हैं.

शाहिदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया ऐलान

शाहिदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लिखा, "आज मैं पूरे सम्मान और अपनी इच्छा से यह घोषणा कर रहा हूं कि मैं अपनी टीम के कप्तान के पद से इस्तीफा दे रहा हूं. कप्तान के तौर पर यह जिम्मेदारी निभाना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी. मुझे गर्व है कि मैंने अपनी टीम के साथ ईमानदारी, एकता और लगन से काम किया. अल्लाह की कृपा और अधिकारियों, कोचों व खिलाड़ियों की कोशिशों से हमने कई जीत हासिल कीं, अहम मैच जीते, बड़ी टीमों को हराया और टीम का नाम रोशन किया."

उन्होंने आगे लिखा, "ये सभी उपलब्धियां सिर्फ मेरी नहीं हैं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, त्याग और आपसी तालमेल का नतीजा हैं. मैं अपनी टीम के उन सभी खिलाड़ियों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया और हर जीत व हर चुनौती में मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे. मैं टीम के अधिकारियों और मैनेजमेंट का भी शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया और हमेशा मेरा साथ दिया. आपका भरोसा और सहयोग मेरे लिए हमेशा सम्मान की बात रहेगी."

विश्व कप 2023 में कराया था शानदार प्रदर्शन

शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने वनडे विश्व कप 2023 में शानदार प्रदर्शन किया था. टीम ने पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका और नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीमों को हराकर सभी को चौंका दिया. अफगानिस्तान अंक तालिका में छठे स्थान पर रहा और इसी प्रदर्शन के दम पर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए क्वालीफाई भी किया. उनकी अगुआई में अफगानिस्तान ने एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंटों में भी हिस्सा लिया.

द्विपक्षीय सीरीज में भी दिलाई कई यादगार जीत

शाहिदी के नेतृत्व में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन, जिम्बाब्वे के खिलाफ दो और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक वनडे द्विपक्षीय सीरीज अपने नाम की. कप्तान के तौर पर उन्होंने कुल 27 वनडे मुकाबलों में टीम को जीत दिलाई.

बल्लेबाजी में भी निभाई अहम भूमिका

कप्तानी के साथ-साथ शाहिदी का बल्ला भी लगातार चला. उन्होंने वनडे क्रिकेट में कप्तान रहते हुए 33 की औसत और करीब 70 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनका एकमात्र वनडे शतक भारत के खिलाफ आया था, जब उन्होंने 131 गेंदों में 102 रन की बेहतरीन पारी खेली थी.

2027 विश्व कप से पहले बड़ा फैसला

अफगानिस्तान को अब आयरलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. ऐसे समय में, जब टीम 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों में जुटी है, शाहिदी का कप्तानी छोड़ना टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. अब सभी की नजर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर होगी कि वनडे टीम की कमान किस खिलाड़ी को सौंपी जाती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Afghanistan, Hashmatullah Shahidi, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com