आईपीएल 2027 मिनी ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) बड़े बदलाव की तैयारी कर सकती है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि फ्रेंचाइजी अनरिच नॉर्टजे, वानिंदु हसरंगा और आवेश खान जैसे खिलाड़ियों को रिलीज कर बड़ा पर्स जुटा सकती है. उनका कहना है कि इससे टीम को एक भरोसेमंद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज खरीदने का मौका मिलेगा, जो पिछले कुछ सीजन से LSG की सबसे बड़ी कमजोरी रही है.
आकाश चोपड़ा के मुताबिक LSG के विदेशी बल्लेबाजों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि लगभग सभी टॉप ऑर्डर में बेहतर प्रदर्शन करते हैं. मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन और मैथ्यू ब्रीट्जके जैसे खिलाड़ी टॉप ऑर्डर में प्रभावी हैं, लेकिन टीम के पास मजबूत मिडिल ऑर्डर विकल्पों की कमी है. यही वजह है कि फ्रेंचाइजी ऑक्शन में इस विभाग को मजबूत करने पर फोकस कर सकती है.
नॉर्टजे और हसरंगा की रिलीज पर क्यों हुई चर्चा?
चोपड़ा का मानना है कि अनरिच नॉर्टजे की फिटनेस लगातार चिंता का कारण रही है. दूसरी ओर, कुलदीप यादव के टीम से जुड़ने के बाद वानिंदु हसरंगा पर निर्भरता भी कम हो गई है. उनका कहना है कि इकाना स्टेडियम की परिस्थितियों में कुलदीप अहम भूमिका निभा सकते हैं, जिससे LSG हसरंगा को रिलीज करने का फैसला ले सकती है.
क्या आवेश खान की भी हो सकती है छुट्टी?
आकाश चोपड़ा ने कहा कि आवेश खान का पिछला सीजन खराब नहीं रहा, लेकिन उनकी कीमत काफी अधिक है. मयंक यादव की फिटनेस में सुधार और प्रिंस यादव के उभरने से टीम के पास तेज गेंदबाजी के पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं. ऐसे में अतिरिक्त फंड जुटाने के लिए फ्रेंचाइजी आवेश को भी रिलीज करने पर विचार कर सकती है.
ऑक्शन में किस खिलाड़ी पर रहेगा फोकस?
चोपड़ा का मानना है कि यदि LSG इन खिलाड़ियों को रिलीज करती है तो उसके पास मिनी ऑक्शन में बड़ी रकम उपलब्ध होगी. इसके बाद टीम किसी मजबूत भारतीय मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के लिए अटैकिंग बोली लगा सकती है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि रिटेंशन लिस्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ऑक्शन में कौन-कौन से बड़े खिलाड़ी उपलब्ध होंगे. यदि उपयुक्त भारतीय बल्लेबाज नहीं मिलता है तो LSG किसी विदेशी मिडिल ऑर्डर स्टार पर भी दांव लगा सकती है.
यह भी पढ़ें- शाहिद अफरीदी ने सैम अयूब पर लगाया बड़ा दांव, बताया PM बने तो क्या होगा पहला फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं