विज्ञापन

'अगले 5 साल में टेस्ट क्रिकेट में 500 रन बनाएंगे', केविन पीटरसन ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी

वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ दोहरे शतक वाली पारी से प्रभावित होकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने बड़ी भविष्यवाणी की है. पीटरसन का मानना है कि वैभव अगले पांच साल में टेस्ट क्रिकेट में 500 रन की पारी खेल सकता है.

'अगले 5 साल में टेस्ट क्रिकेट में 500 रन बनाएंगे', केविन पीटरसन ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी
वैभव सूर्यवंशी को लेकर पीटरसन की बड़ी भविष्यवाणी

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है. एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक लगाने के बाद अब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने इस युवा बल्लेबाज को लेकर बड़ी भविष्यवाणी कर दी है. पीटरसन ने सोशल मीडिया पर वैभव की तारीफ करते हुए लिखा, "यह मेरी भविष्यवाणी है, वैभव अगले पांच साल में टेस्ट मैच में 500 रन बनाएगा." उनके इस बयान ने क्रिकेट प्रशंसकों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है और यह दिखाता है कि दुनिया भर के दिग्गज इस भारतीय युवा बल्लेबाज की प्रतिभा से कितने प्रभावित हैं.

इससे पहले भी पीटरसन ने वैभव की ऐतिहासिक पारी की सराहना की थी. उन्होंने एक्स पर लिखा था, "अपने करियर की शुरुआत में ही लगातार रिकॉर्ड तोड़ना वाकई कमाल है. आप ऐसे कारनामे कर रहे हैं जो हमारे में से ज्यादातर लोग अपने पूरे करियर में नहीं कर पाते. आपको और ताकत मिले, मुझे आपका सफर देखना बहुत पसंद है."

15 वर्षीय वैभव ने यूएई के खिलाफ ग्रुप-बी मुकाबले में सिर्फ 53 गेंदों पर 204 रन बनाए थे. उनकी पारी में 28 छक्के और 7 चौके शामिल थे. इस विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया ए ने 250 रन का लक्ष्य सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया और सात विकेट से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई. बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने अपनी पारी के दौरान कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए. उन्होंने केवल 28 गेंदों में शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था, जिन्होंने 29 गेंदों में शतक लगाया था.

वैभव यहीं नहीं रुके. उन्होंने सिर्फ 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक भी अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही एक पारी में 28 छक्के लगाकर उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बना दिया. उनकी पारी के दौरान भारत-ए की शुरुआत भी शानदार रही. वैभव ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े. इसके बाद प्रभसिमरन सिंह के साथ 40 रन और फिर रिंकू सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी. रिंकू 27 रन बनाकर नाबाद लौटे. इतनी कम उम्र में लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहे वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है.

केविन पीटरसन की 500 रन वाली भविष्यवाणी भले ही अभी असंभव लगे, लेकिन जिस अंदाज में यह युवा बल्लेबाज बल्लेबाजी कर रहा है, उसने दिग्गजों को भी उसके भविष्य को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करने पर मजबूर कर दिया है.

यह भी पढ़ें | मैदान पर रनों का 'बवंडर' लाने वाले वैभव सूर्यवंशी बजरंगबली के हैं भक्त, सेमीफाइनल में भी दिखाया दम

यह भी पढ़ें | पांचवें लिस्ट ए शतक से चूके अभिषेक शर्मा, शतक नहीं फिर भी छा गए, सेमीफाइनल में मचाया धमाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vaibhav Suryavanshi, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com