विज्ञापन

जोश इंग्लिस ने रचा इतिहास, ये अनोखा कारनामा करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बने

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ न्यूलैंड्स टेस्ट में शतक जड़कर जोश इंग्लिस ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया.

जोश इंग्लिस ने रचा इतिहास, ये अनोखा कारनामा करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बने
ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस का तहलका

ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने गुरुवार को न्यूलैंड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 102 रन बनाकर इतिहास रच दिया. इस शतक के साथ इंग्लिस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में एक से अधिक शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन गए हैं. करीब एक साल बाद टेस्ट टीम की प्लेइंग इलेवन में वापसी करने वाले इंग्लिस ने 132 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उनकी पारी में 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा शतक है. इससे पहले उन्होंने जनवरी 2025 में श्रीलंका के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू मैच की पहली पारी में शतक जमाया था.

ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक से अधिक शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में इंग्लिस का नाम पहले से शामिल था. उनके अलावा ग्लेन मैक्सवेल और आरोन फिंच ही ऐसे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक से अधिक शतक लगाए हैं. हालांकि इनमें से कोई भी खिलाड़ी तीनों प्रारूपों में एक से अधिक शतक नहीं लगा सका.

मैक्सवेल के नाम वनडे क्रिकेट में चार शतक दर्ज हैं, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में वह केवल एक शतक ही लगा पाए हैं. वहीं, फिंच ने वनडे में 17 शतक बनाए, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम कोई शतक दर्ज नहीं है. ऐसे में इंग्लिस ने अपनी इस उपलब्धि के साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में अलग पहचान बना ली है.

इंग्लिस ने इस निर्णायक टेस्ट मैच के जरिए प्लेइंग इलेवन में वापसी की. इससे पहले उन्होंने 2025 एशेज सीरीज में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज के दौरान उनकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद वह चोट से उबर रहे थे.

मुकाबले की बात करें तो टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अपनी पहली पारी में 329 रन बनाए. उसके लिए एडेन मार्करम ने 78, मार्कस एकरमैन ने 95, डेविड बेडिंगहम ने 50 और मार्को यानसेन ने 50 रन की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने सबसे सफल गेंदबाजी करते हुए 72 रन देकर 6 विकेट झटके.

जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 117 ओवर के खेल तक 8 विकेट खोकर 411 रन बना लिए थे. एक समय टीम ने 185 रन पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद जोश इंग्लिस और एलेक्स कैरी ने मोर्चा संभाल लिया. दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 185 रन की अहम साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

इंग्लिस का यह शतक सिर्फ मैच के लिहाज से ही नहीं, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी लंबे समय तक याद रखा जाएगा, क्योंकि उन्होंने ऐसी उपलब्धि हासिल की है जो उनसे पहले कोई भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज नहीं कर सका था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Joshua Patrick Inglis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com