आज देश के कई हिस्सों में करवा चौथ का त्योहार धूमधाम और परंपरागत उत्साह से मनाया जा रहा है. लेकिन करवा चौथ के दिन ही मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल-दहला देने वाली खबर सामने आई हैं. वहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की खलबट्टे से पीट-पीटकर जान ले ली. पत्नी की हत्या की जानकारी उसने पुलिस को खुद दी. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
ग्वालियर में कहां हुई यह वारदात
यह घटना ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर की है. वहां के निवासी आनंद श्रीवास्तव नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी मधु की खलबट्टे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. हत्या की सूचना उसने खुद ही पुलिस को दी. उसकी सूचना पर मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सीएसपी संदीप बांगरे सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आनंद श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक आनंद और मधु ने करीब 17 साल पहले प्रेम विवाह किया था. दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं. करवा चौथ के दिन हुई इस वारदात से परिवार में मातम पसरा हुआ है. हालांकि, पति-पत्नी के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ कि यह खौफनाक घटना हो गई, इसका पता अभी नहीं चल पाया है.
क्या कह रहे हैं आरोपी के पड़ोसी
पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी आनंद मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है. हालांकि, उसकी मानसिक स्थिति और वारदात के पीछे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है.पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: यूपी में किसे नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, वेरिफिकेशन में FIR को लेकर क्या नियम? जानें हर सवाल का जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं