- प्रयागराज में जमीन के नीचे दबा मिला नकदी का खजाना
- 3 ड्रमों में छिपाए गए थे नोट, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
- छापेमारी में मिला करोड़ों का कैश, नोटों की गिनती जारी
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को पुलिस ने छापामार कार्रवाई के बाद ऐसी बरामदगी की, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैला गई. गंगानगर जोन के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित एक मकान के भीतर जमीन की खुदाई के दौरान नोटों से भरे तीन ड्रम बरामद किए गए. पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई चोरी और नकबजनी के मामलों के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई. बरामद नकदी की मात्रा इतनी अधिक बताई जा रही है कि अभी तक उसकी गिनती पूरी नहीं हो सकी है. अधिकारियों के अनुसार कुल रकम करोड़ों रुपये हो सकती है.
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बरईपुर रामनगर स्थित एक मकान में चोरी के रुपये जमीन के भीतर दबाकर रखे गए हैं. सूचना मिलते ही एसीपी सोरांव और एसीपी फूलपुर के नेतृत्व में नवाबगंज और सोरांव पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की. पुलिस ने बताया कि पुलिस कमिश्नर और अपर पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में डीसीपी गंगानगर और एडीसीपी गंगानगर की निगरानी में यह अभियान चलाया गया.

कैश बरामद होने के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी
Photo Credit: NDTV
खुदाई में निकले तीन ड्रम
तलाशी के दौरान पुलिस ने मकान के भीतर संदिग्ध स्थानों पर खुदाई कराई. खुदाई के दौरान जमीन में दबे तीन प्लास्टिक ड्रम बरामद हुए. जब पुलिस ने ड्रमों को बाहर निकालकर खोला तो उसमें नोटों की गड्डियां भरी हुई मिलीं. बरामदगी देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. इसके बाद पूरी नकदी और ड्रमों को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया.
गिनती के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर : पुलिस
गंगानगर डीसीपी सोनम कुमार के अनुसार बरामद नकदी की मात्रा काफी अधिक है. फिलहाल नोटों की गिनती कराई जा रही है और पूरी प्रक्रिया के बाद ही कुल धनराशि की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है और मामले में संबंधित व्यक्ति से पूछताछ जारी है.
वित्तीय और राजस्व विभाग भी होंगे शामिल
पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित वित्तीय और राजस्व विभागों को भी दे दी है. अब यह जांच की जा रही है कि बरामद नकदी का स्रोत क्या है और इसका संबंध किसी चोरी, नकबजनी या अन्य आपराधिक गतिविधि से तो नहीं है. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : ओडिशा में इंजीनियर के पास से मिला ₹21.88 लाख का बेहिसाब कैश; बुलानी पड़ी मशीन, ठेकेदारों से रिश्वत लेने के आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं