विज्ञापन

IPL 2026: जोस बटलर ने रचा इतिहास, छक्कों की बरसात के साथ इस मामले में बने 'नंबर-1'

Jos Buttler Sixes Record; GT vs DC IPL 2026: अरुण जेटली स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी और जोस बटलर ने तूफानी पारी खेली.

IPL 2026: जोस बटलर ने रचा इतिहास, छक्कों की बरसात के साथ इस मामले में बने 'नंबर-1'
Jos Buttler Sixes Record; GT vs DC IPL 2026:

Jos Buttler Sixes Record; GT vs DC IPL 2026: गुजरात टाइटंस (GT) के बल्लेबाज जोस बटलर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इतिहास रच दिया है. बटलर गुजरात टाइटंस की ओर से पारी के शुरुआती 6 ओवरों में सर्वाधिक 5 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में बटलर ने ऋद्धिमान साहा को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2023 में जीटी ओर से खेलते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ शुरुआती 6 ओवरों में 4 छक्के लगाए थे. आईपीएल की किसी पारी के पहले छह ओवरों में, बटलर के ये 5 छक्के किसी ऐसे बल्लेबाज की ओर से लगाए गए दूसरे सर्वाधिक छक्के हैं, जो ओपनर नहीं है. बटलर सिर्फ सुरेश रैना से पीछे है, जिन्होंने साल 2014 के क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स के विरुद्ध शुरुआती 6 ओवरों में 5 छक्के लगाए थे.

बटलर ने पारी के तीसरे ओवर में मुकेश कुमार की गेंद को सीधे बाउंड्री पार पहुंचाया. अगले ओवर में उन्होंने अक्षर पटेल के विरुद्ध एक छक्का लगाया. मैच के पांचवें ओवर में बटलर ने मुकेश कुमार को एक बार फिर निशाने पर लिया, उन्होंने इस ओवर में 3 छक्के लगाए.

पावरप्ले की समाप्ति तक गुजरात टाइटंस ने 1 विकेट खोकर 68 रन बना लिए थे. यह आईपीएल इतिहास में शुरुआती 6 ओवरों में गुजरात टाइटंस का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. इस लिस्ट में साल 2025 में अहमदाबाद के मैदान पर खेला गया मैच शीर्ष पर है, जिसमें जीटी ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ बगैर कोई विकेट गंवाए 82 रन बनाए थे. साल 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ इस टीम ने बगैर कोई विकेट गंवाए 78 रन बनाए थे.

अरुण जेटली स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी. इस टीम को 2.1 ओवर में साई सुदर्शन (12) के रूप में जल्द पहला झटका लगा. इसके बाद जोस बटलर ने कप्तान शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 60 रन जोड़े. बटलर ने 27 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 52 रन बनाए.

शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस इस मैच में साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा के साथ उतरी है.

वहीं, दिल्ली कैपिटल्स अक्षर पटेल की कप्तानी में केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, विप्रज निगम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन और मुकेश कुमार के साथ यह मैच खेल रही है.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat Titans, Delhi Capitals, Shubman Singh Gill, Joseph Charles Buttler, Indian Premier League 2026, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com